US-India trade deal: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार (3 फरवरी) को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'कंप्रोमाइज्ड' (दबाव में) किया जा चुका है, इसलिए उन्होंने अमेरिका के साथ ट्रेड डील किया है। उन्होंने संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस समझौते के माध्यम से देश को बेच दिया है। उन्होंने कहा कि इस बात से डरे हुए हैं कि उनकी ‘छवि का गुब्बारा’ कहीं फूट न जाए। राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि यह डील देश के हितों को नुकसान पहुंचा सकती है।
पीटीआई के मुताबिक राहुल गांधी ने कहा, "किसी न किसी कारण नरेन्द्र मोदी जी ने उस समझौते पर हस्ताक्षर कर दिया...मोदी जी पर भयंकर दबाव है। मोदी जी को इस बात का डर है कि उनकी छवि का गुब्बारा फूट सकता है जो हजारों करोड़ रुपये खर्च करके बनाया गया।" उन्होंने दावा किया, "मुख्य बात यह है कि प्रधानमंत्री को 'कंप्रोमाइज्ड' किया गया है। किसने किया है, कैसे किया है यह हिंदुस्तान की जनता को सोचना है।"
कांग्रेस सांसद ने संसद के बाहर पत्रकारों से कहा, "प्रधानमंत्री मोदी घबराए हुए हैं। जो ट्रेड डील 4 महीने से रुकी हुई थी। किसी न किसी कारण से नरेंद्र मोदी ने कल शाम उस डील को साइन कर दिया। नरेंद्र मोदी पर दबाव है, भयंकर दबाव है। नरेंद्र मोदी की इमेज का गुब्बारा फूट सकता है।"
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "हिंदुस्तान के किसानों को यह समझना चाहिए कि इस समझौते में आपकी मेहनत और खून-पसीने को नरेंद्र मोदी जी ने बेच दिया है क्योंकि वह कंप्रोमाइज्ड हैं। उन्होंने सिर्फ आपको नहीं, देश को बेच दिया है।" राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्हें लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने नहीं दिया जा रहा है।
राज्यसभा में मंगलवार को कांग्रेस ने भारत और अमेरिका के बीच समझौता होने की बात सोशल मीडिया में आने और इस बारे में संसद को अवगत नहीं कराए जाने का मुद्दा उठाया। जबकि सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर बयान देगी। विपक्ष को गैर जिम्मेदाराना व्यवहार नहीं करना चाहिए।
उच्च सदन में मंगवलार को प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश सहित पार्टी के कई सदस्यों ने अपने स्थानों पर खड़े होकर आसन का ध्यान भारत एवं अमेरिका के बीच हुए समझौते की ओर दिलाया। रमेश ने कहा, "यह क्या हो रहा है, हमें इसकी जानकारी सोशल मीडिया से मिल रही है...ये देश के साथ धोखा हो रहा है।"
इस पर सदन के नेता नड्डा ने आसन की अनुमति से कहा कि सोमवार रात अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देर रात एक ट्वीट कर कहा कि उन्होंने भारत पर लगाए जा रहे टैरिफ को लेकर प्रधानमंत्री मोदी को अवगत कराया। उन्होंने प्रधानमंत्री को एक सच्चा दोस्त भी बताया।
सदन के नेता ने कहा कि इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक ट्वीट कर भारत की ओर से शुक्रिया कहा। नड्डा ने कहा कि उन्होंने उस ट्वीट में भारत और अमेरिका के बीच व्यापार को लेकर विस्तार से चर्चा की है।