भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील का ऐलान हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर टैरिफ कम कर दिया है। अब भारत पर टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर सीधे 18 फीसदी कर दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने इस बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के ज़रिए दी। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं के बीच व्यापार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को खत्म करने को लेकर भी बात की गई।
वहीं अपने पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि भारत रूस से तेल खरीद बंद करेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर ये दावा ऐसा समय है जब पर भारत के लिए टैरिफ दर में कटौती की है। हांलाकि भारत सरकार ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, जिससे स्थिति साफ नहीं हुई है।
पीएम मोदी ने ट्रेड डील पर कही ये बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज अपने अच्छे दोस्त अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करके उन्हें बहुत खुशी हुई। उन्होंने बताया कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% किए जाने का फैसला स्वागतयोग्य है। इस फैसले के लिए उन्होंने भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं, तो इसका सीधा फायदा लोगों को मिलता है। इससे दोनों देशों के बीच आपसी फायदे वाले सहयोग के नए रास्ते खुलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बहुत अहम है। भारत शांति के लिए किए जा रहे उनके प्रयासों का पूरा समर्थन करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह अमेरिका के साथ अपनी भागीदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित हैं।
रूस से तेल ना खरीदने का दावा
ट्रंप के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी इस बात पर सहमत हुए कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद करेगा और इसके बजाय अमेरिका और संभवतः वेनेजुएला से ज्यादा तेल खरीदेगा। ट्रंप ने कहा कि इससे यूक्रेन में जारी युद्ध को खत्म करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि यूक्रेन युद्ध में हर हफ्ते हज़ारों लोगों की जान जा रही है और ऐसे फैसले इस संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में अहम साबित हो सकते हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना उनके लिए सम्मान की बात थी। ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उनके अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के मजबूत व सम्मानित नेता हैं। ट्रंप के अनुसार, बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इसके अलावा रूस–यूक्रेन युद्ध को खत्म करने को लेकर भी बात हुई। ट्रंप ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल खरीदना बंद करने और इसके बजाय अमेरिका और संभवतः वेनेजुएला से ज़्यादा तेल खरीदने पर सहमत हुए हैं। उनका कहना है कि इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने में मदद मिल सकती है, जहां हर हफ्ते हज़ारों लोगों की जान जा रही है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी के अनुरोध पर भारत और अमेरिका के बीच एक ट्रेड डील पर सहमति बनी है। इसके तहत अमेरिका रेसिप्रोकल टैरिफ को 25% से घटाकर 18% करेगा। वहीं भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और नॉन-टैरिफ बाधाओं को जीरो करने पर सहमत हुआ है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी उत्पाद—जैसे ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला और अन्य सामान—खरीदने का वादा किया है। ट्रंप ने कहा कि भारत-अमेरिका के रिश्ते आगे और मजबूत होंगे।