Mani Shankar Aiyar: 'विजयन केरल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे'; मणिशंकर अय्यर के दावे पर सियासी बवाल, कांग्रेस ने बयान से किया किनारा

Mani Shankar Aiyar: कांग्रेस ने रविवार (15 फरवरी) को अपने सीनियर नेता मणिशंकर अय्यर के उस बयान से खुद को अलग कर लिया जिसमें उन्होंने कहा था कि पिनराई विजयन केरल के मुख्यमंत्री के रूप में बने रहेंगे। आने वाले महीनों में केरल में विधानसभा चुनाव होने हैं

अपडेटेड Feb 16, 2026 पर 8:44 AM
Story continues below Advertisement
Mani Shankar Aiyar: कांग्रेस ने केरल के सीएम विजयन की वापसी पर मणिशंकर अय्यर की टिप्पणी को खारिज कर दिया है

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने भरोसा जताया है कि माकपा नेता पिनराई विजयन केरल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। अय्यर की ये टिप्पणी ऐसे समय में आई जब कांग्रेस केरल की सत्ता में वापसी करने की कोशिश कर रही है। आने वाले महीनों में यहां विधानसभा चुनाव होने हैं। विवाद के बाद कांग्रेस ने रविवार (15 फरवरी) को मणिशंकर अय्यर के बयान से खुद को अलग कर लिया। कांग्रेस नेता ने 'विजन 2031: विकास और लोकतंत्र' शीर्षक से आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में केरल के शीर्ष स्थान को कानूनी रूप से सुरक्षित करने के लिए आवश्यक संशोधन किए जाने चाहिए और इसके लिए सुझाव भी दिए।

इस सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने किया। कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सरकार में पंचायत राज मंत्री रह चुके अय्यर ने महात्मा गांधी के भारत संबंधी दृष्टिकोण को याद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता ने एक ऐसे देश की परिकल्पना की थी जहां सबसे गरीब भी देश के प्रति अपनापन महसूस करें। साथ ही राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें।

उन्होंने कहा कि यह विडंबनापूर्ण लग सकता है कि इस लक्ष्य की दिशा में सबसे सराहनीय प्रगति करने वाला राज्य केरल है, जहां भारत की मार्क्सवादी-लेनिनवादी पार्टी का शासन है। अय्यर ने कहा, मुझे नहीं पता कि यह प्रशंसा है या अपमान, लेकिन मुझे इस अवसर पर अपने पार्टी सहयोगियों की अनुपस्थिति का गहरा अफसोस है क्योंकि यह एक सरकारी कार्यक्रम है और इसलिए एक राष्ट्रीय अवसर है।"


कांग्रेस नेता ने कहा कि केरल निसंदेह पंचायती राज में भारत का अग्रणी राज्य है। इसने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की अपेक्षाओं को किसी भी अन्य राज्य की तुलना में कहीं अधिक पूरा किया है। उन्होंने कहा, "हालांकि व्यवहार में पंचायती राज के मामले में केरल पहला राज्य है, लेकिन कानून के मामले में यह दूसरे स्थान पर है।"

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, "मुख्यमंत्री की उपस्थिति में, जिनके पद पर बने रहने का मुझे पूरा विश्वास है, मैं अपनी अपील दोहराता हूं, केरल को देश का सर्वश्रेष्ठ पंचायती राज वाला राज्य बनाने के लिए, राज्य कानून में व्यावहारिक अनुभव, थॉमस आइज़ैक की अंतर्दृष्टि, मेरे द्वारा अध्यक्षता की गई पांच खंडों वाली रिपोर्ट और वीके रामचंद्रन द्वारा जिला नियोजन पर योजना आयोग द्वारा प्रसारित नोट के आधार पर संशोधन किया जाना चाहिए।'

अय्यर ने कहा, "अतः मुख्यमंत्री विजयन मैं आपसे करबद्ध निवेदन करता हूं कि कांग्रेस द्वारा छोड़ी गई जिम्मेदारी को आप संभालें। धन्यवाद, केरल और समृद्ध बने।" मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने अय्यर की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे वर्तमान संदर्भ से मेल खाता हुआ करार दिया।

कांग्रेस का अपने नेता से किनारा

मणिशंकर अय्यर के बयान पर कांग्रेस ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से इस अनुभवी नेता का पार्टी से कोई संबंध नहीं है। वह पूरी तरह से अपनी व्यक्तिगत क्षमता में बोलते और लिखते हैं। पार्टी ने यह भी दावा किया कि केरल की जनता अधिक जिम्मेदार और जवाबदेह शासन के लिए संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) को इस दक्षिणी राज्य में फिर से सत्ता में लाएगी।

ये भी पढ़ें- AI Impact Summit 2026: पीएम मोदी आज 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' का करेंगे उद्घाटन! ग्लोबल लीडर्स, एक्सपर्ट्स और इनोवेटर्स होंगे शामिल

उनकी टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा, "श्री मणिशंकर अय्यर का पिछले कुछ वर्षों से कांग्रेस से कोई संबंध नहीं रहा है। वह पूरी तरह से अपनी निजी क्षमता से बोलते और लिखते हैं।" कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने खेड़ा की पोस्ट को X पर टैग करते हुए कहा कि केरल की जनता अधिक जिम्मेदार और जवाबदेह शासन के लिए यूडीएफ को सत्ता में वापस लाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।