Weather Update: अगले 5 दिन लू का अलर्ट, पंजाब, हरियाणा समेत 7 राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना
Weather Update: पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अगले पांच दिनों तक लू और तेज गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में गरज, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है
Weather Update: मध्य भारत और महाराष्ट्र के मैदानी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं
उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में एक बार फिर प्रचंड गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र सहित सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अगले पांच दिनों तक लू चलने और तापमान में तेज वृद्धि की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रह सकता है, जिससे लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी की तीव्रता झेलनी पड़ सकती है। गर्म हवाओं और सूखे मौसम की वजह से विशेष तौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राहत की उम्मीद 16 अप्रैल से है, जब एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते उत्तर-पश्चिम भारत में कुछ स्थानों पर बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और गुजरात में लू का प्रकोप
आईएमडी के मुताबिक, राजस्थान में 19 अप्रैल तक गर्मी चरम पर रह सकती है। पूर्वी राजस्थान में 15 से 19 अप्रैल तक और पश्चिमी राजस्थान में 16 से 18 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है। 16 से 18 अप्रैल के दौरान पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी मध्य प्रदेश भी लू की चपेट में रह सकते हैं। गुजरात में 15 से 17 अप्रैल तक तेज गर्मी और केरल-माहे में 15 अप्रैल को गर्म और उमस भरा मौसम रहने के आसार हैं। कुछ इलाकों में रात में भी भारी गर्मी महसूस हो सकती है।
मध्य भारत और महाराष्ट्र में बदलेगा मौसम
मध्य भारत और महाराष्ट्र के मैदानी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। महाराष्ट्र के आंतरिक भागों में तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है, जबकि गुजरात में भी ऐसा ही तापमान बढ़ने और फिर घटने का क्रम जारी रहेगा।
पूरब और उत्तर-पूर्व में बारिश और ओलावृष्टि
ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड और बिहार में 18 अप्रैल तक भारी बारिश और ओले गिरने की संभावना है। इन राज्यों में गरज और बिजली के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
दक्षिण भारत में हल्की से मध्यम बारिश
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में अगले 5 दिनों तक गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
19 अप्रैल से मिल सकती है राहत
आईएमडी का अनुमान है कि 18 अप्रैल तक तापमान बढ़ता रहेगा, लेकिन 19 और 20 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। मध्य भारत में 15 से 18 अप्रैल के बीच तापमान में 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जो इसके बाद फिर गिर सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि
16 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसकी तीव्रता 18 और 19 अप्रैल को सबसे अधिक होगी। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है।
एक साथ सक्रिय तीन चक्रवाती परिसंचरण
दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश, बांग्लादेश और मन्नार की खाड़ी के ऊपर एक साथ तीन चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इनमें से एक परिसंचरण तेलंगाना से लेकर पश्चिम राजस्थान होते हुए दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश तक फैला हुआ है, जिससे कई राज्यों में मौसम परिवर्तन हो रहा है।
कोलकाता और बंगाल में भी मौसम का बदला मिजाज
कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में 15 अप्रैल तक गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज आंधी की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे उमस और गर्मी दोनों का असर महसूस हो रहा है।