राजधानी दिल्ली समेत इस समय देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट बदल ली है। रविवार 15 मार्च को दिल्ली में बारिश हुई तो वहीं सिक्किम में मौसम ने अपना कहर बरपाया। सिक्किम के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं, भारी बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। तेज हवाओं के झोंकों से पेड़ उखड़ कर गिर गए। कई जगहों पर ओलों के साथ तेज़ बारिश होने से लोगों को यात्रा करने में परेशानी का सामना करना पड़ा और कुछ क्षेत्रों में थोड़ी देर के लिए बिजली भी चली गई।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग, गंगटोक ने विशेष मौसम बुलेटिन जारी कर चेतावनी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के असर से आज से 17 मार्च तक पूरे सिक्किम में भारी बारिश और तूफ़ानी गतिविधियां होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सिक्किम के गंगटोक, ग्यालशिंग, नामची और सोरेंग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि मंगन और पाकयोंग के ऊंचे इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। गंगटोक में दोपहर से ही तेज़ बारिश हो रही है और अब वहां तेज़ हवाएं भी चलने लगी हैं।
मौसम विभाग ने सिक्किम के सभी जिलों के लिए आज और कल ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और चेतावनी दी है कि कई जगहों पर भारी बारिश, बिजली कड़कने के साथ तूफ़ान और तेज़ हवाएँ चल सकती हैं। अधिकारियों ने लोगों और पर्यटकों से सावधानी बरतने और मौसम विभाग की आधिकारिक सलाह पर नजर रखने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार सिक्किम में 15 से 17 मार्च और 20-21 मार्च को बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।
बता दें कि रविवार को दिल्ली में हल्की बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। रफी मार्ग और चिराग दिल्ली जैसे कई इलाकों में हुई इस बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में गरज चमक के साथ बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। दो दिन बाद फिर एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-NCR के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश देखी जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। शाम के समय, गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ बहुत हल्की बारिश हो सकती है।