Mohali murder case: पंजाब के मोहाली से दिल दहला वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक निजी कंपनी में काम करने वाली महिला कर्मचारी की उसके ही सहकर्मी (एक्स बॉयफ्रेंड) ने ऑफिस के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब छह महीने पहले ब्रेकअप हो गया था, और आरोपी दोबारा रिलेशनशिप में आने की कोशिश कर रहा था।
मोहाली पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी की पहचान हरविंदर मान उर्फ हैरी के रूप में हुई है, जो पीड़िता का सहकर्मी था। आरोप है कि महिला पर चाकू से हमला करने के बाद उसने उसी चाकू से खुद पर भी कई वार कर आत्महत्या करने की कोशिश की।
बता दें कि यह पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई
वहीं इस घटना के तुरंत बाद पीड़िता और आरोपी दोनों को गंभीर हालत में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां, महिला ने दम तोड़ दिया। घायल महिला की पहचान पटियाला निवासी डिंपल के रुप में हुई है। फिलहाल, आरोपी का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बता दें कि फेज 11 पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, और आगे की जांच कर रही है।
मोहाली के डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि यह घटना कल शाम 7 बजे की है। हरविंदर सिंह उर्फ हैरी मान नाम के युवक ने डिंपल नाम की लड़की पर पीछे से गर्दन पर 25 से 30 चाकू से वार किए हैं। जिसके बाद लड़की की मौत हो गई है। लड़की पर हमला करने के बाद हरविंदर सिंह ने खुद की भी जान देने की कोशिश की है। लेकिन उसका अभी इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जैसे ही वह होश में आएगा उसको गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दोनों पहले रिलेशन में थे लेकिन पिछले कुछ समय से कहासुनी के बाद दोनों अलग हो गए थे। दोनों पटियाला के रहने वाले हैं और दोनों यहीं पर नौकरी करते थे। फिलहाल यह एक तरफा प्यार का यह मामला लग रहा है। हैरी मान के माता-पिता विदेश में रहते हैं।