राहुल गांधी की वायरल बोट फोटो पर क्यों मचा है बवाल? गिरिराज सिंह ने पूछा- 'आपके साथ ये कौन-कौन हैं', कांग्रेस ने दिया जवाब
Rahul Gandhi Viral Boat photo: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक महिला और बच्चे के साथ नाव में बैठी एक तस्वीर ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। केंद्रीय मंत्री और BJP नेता गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह तस्वीर शेयर की और सवाल उठाया कि यह कब और कहां ली गई थी। सिंह के पोस्ट के बाद कांग्रेस की तरफ से पलटवार किया गया है
Rahul Gandhi Viral Boat photo: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वायरल बोट फोटो पर सियासी घमासान मच गया है
Rahul Gandhi Viral Boat photo: लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक महिला और बच्चे के साथ नाव में बैठी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। वायरल तस्वीर में राहुल गांधी एक नाव में बैठे नजर आ रहे हैं। जबकि उनके साथ एक महिला और एक बच्चा भी दिखाई दे रहा है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस तस्वीर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते हुए राहुल गांधी से फोटो की जगह, तारीख और उनके साथ मौजूद लोगों के बारे में सवाल पूछा।
गिरिराज सिंह के सवाल पर कांग्रेस ने जवाब देते हुए कहा कि तस्वीर में दिखाई दे रही महिला और बच्चा राहुल गांधी के एक दोस्त के परिवार के सदस्य हैं। कांग्रेस के मुताबिक, राहुल गांधी अपने दोस्त के परिवार के साथ छुट्टियां मना रहे थे।
गिरिराज सिंह ने क्या पूछा?
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीर शेयर करते हुए राहुल गांधी से पूछा कि ये फोटो कब ली गई थी और उनके साथ तस्वीर में कौन लोग मौजूद हैं। उन्होंने लिखा, "राहुल जी, यह तस्वीर कहां की है, कब की है और आपके साथ ये कौन-कौन लोग हैं? मुझे जानने की उत्सुकता है!" गिरिराज सिंह की पोस्ट के बाद तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस तेज हो गई।
राहुल जी, यह तस्वीर कहाँ की है , कब की है और आपके साथ ये कौन-कौन लोग हैं ? मुझे जानने की उत्सुकता है ! pic.twitter.com/DHNEPp09dV
गिरिराज सिंह के सवाल का जवाब कांग्रेस की ओर से दिया गया। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि तस्वीर में दिखाई दे रही महिला और बच्चा राहुल गांधी के दोस्त की पत्नी और बेटा हैं। कांग्रेस नेता के मुताबिक, राहुल गांधी और उनके दोस्त का परिवार एक साथ छुट्टियां मनाने गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राहुल गांधी के दोस्त खुद तस्वीर में मौजूद नहीं हैं। कांग्रेस ने गिरिराज सिंह के सवालों पर पलटवार करते हुए उनके पोस्ट को लेकर आपत्ति जताई। साथ ही आरोप लगाया कि तस्वीर को लेकर अनुचित संकेत देने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "आप लीचड़ किस्म के आदमी हैं, जो महिला-पुरुष को साथ देख कर घटिया ही सोच सकते हैं। तस्वीर में जो महिला और बच्चा हैं वह राहुल जी के मित्र की पत्नी और बच्चा हैं मित्र फोटो में नहीं हैं छुट्टी पर सपरिवार साथ थे। महिलायें आप जैसे लिजलिजों के साथ सहज नहीं हैं- कुंठित मत होइए।"
आप लीचड़ किस्म के आदमी हैं, जो महिला-पुरुष को साथ देख कर घटिया ही सोच सकते हैं तस्वीर में जो महिला और बच्चा हैं वह राहुल जी के मित्र की पत्नी और बच्चा हैं - मित्र फोटो में नहीं हैं - छुट्टी पर सपरिवार साथ थे महिलायें आप जैसे लिजलिजों के साथ सहज नहीं हैं - कुंठित मत होइए https://t.co/T8Zyx2yPCj — Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) August 10, 2026
तस्वीर कहां की बताई गई?
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रभारी अवी डांडिया ने दावा किया कि यह तस्वीर अमेरिका के टेक्सास स्थित लेक रे रॉबर्ट्स (Lake Ray Roberts) की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीर की जगह बताते हुए कहा कि यह फोटो टेक्सास के लेक रे रॉबर्ट्स में ली गई थी।
साथ ही उन्होंने गिरिराज सिंह से खुद इस जानकारी को सत्यापित करने की बात कही। उन्होंने X पर लिखा, "यह तस्वीर लेक रॉबर्ट्स टेक्सास की है, बाजू मैं बैठा बच्चा मेरे दोस्त रवि का बेटा आर्यमन है उसके बगल मै बैठी महिला रवि की बीवी शबनम है। और कुछ @girirajsinghbjp जी अब आप पता कर ले की यह सही है या नहीं।" युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने भी गिरिराज सिंह की पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी और तंज कसते हुए टिप्पणी की।
राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर सवाल
राहुल गांधी की इस तस्वीर को लेकर विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब उनके विदेश दौरों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पहले भी सवाल उठाती रही है। राहुल गांधी 22 जून से 13 जुलाई तक विदेश दौरे पर थे। संसद के मानसून सत्र शुरू होने से कुछ समय पहले वह भारत लौटे थे। उनके इस दौरे को लेकर बीजेपी नेताओं ने यात्रा से संबंधित कई सवाल उठाए थे। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने पहले राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर सवाल किया था कि उन्होंने किन देशों की यात्रा की। इस दौरान किन लोगों से मुलाकात की और उनकी यात्रा तथा ठहरने का खर्च किसने उठाया?
बीजेपी की ओर से यह सवाल भी उठाया गया कि विदेश में राहुल गांधी की कुछ मुलाकातों का भारत के राजनीतिक या रणनीतिक हितों पर कोई असर तो नहीं पड़ता। BJP नेताओं की ओर से राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर पहले भी कई दावे किए जाते रहे हैं। पार्टी ने दावा किया है कि राहुल गांधी ने अब तक 54 ऐसी विदेश यात्राएं की हैं।
भगवा पार्टी का दावा है कि इनका डिटेल्स विभिन्न माध्यमों से सामने आया है। बीजेपी के दावे के मुताबिक, इन यात्राओं में लंदन, न्यूयॉर्क, इटली, जर्मनी, कतर, वियतनाम, कंबोडिया, मालदीव और दुबई जैसे स्थान शामिल हैं। पार्टी ने ओमान की एक कथित सीक्रेट यात्रा का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन दावों को राजनीतिक आरोपों के संदर्भ में ही देखा जाना चाहिए।
विदेश यात्राओं के खर्च को लेकर भी बीजेपी का दावा
बीजेपी ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं के खर्च को लेकर भी सवाल उठाए हैं। भगवा पार्टी ने राहुल गांधी की घोषित आय और विदेश यात्राओं पर अनुमानित खर्च के बीच कथित अंतर का मुद्दा उठाते हुए इन यात्राओं की कुल लागत करीब 60 करोड़ रुपये होने का दावा किया है।
फोटो से शुरू हुआ विवाद फिर विदेश यात्राओं तक पहुंचा
राहुल गांधी की एक प्राइवेट छुट्टी के दौरान ली गई बताई जा रही तस्वीर से शुरू हुआ यह विवाद अब एक बार फिर उनकी विदेश यात्राओं और उनसे जुड़े राजनीतिक सवालों तक पहुंच गया है। एक तरफ बीजेपी तस्वीर के जरिए राहुल गांधी से उससे जुड़ी जानकारी पूछ रही है। वहीं, कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि तस्वीर में दिखाई दे रहे लोग राहुल गांधी के दोस्त के परिवार के सदस्य हैं। यह यात्रा पारिवारिक छुट्टी के तौर पर थी। फिलहाल, सफाई के बावजूद इस तस्वीर को लेकर दोनों पक्षों की राजनीतिक बयानबाजी जारी है।