पाकिस्तान के साथ भारत का संघर्ष काफी बढ़ गया है। 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 6-7 मई की आधी रात में पाकिस्तान और POK में 9 जगहों पर करीब 21 आतंकी ठिकाने को मिसाइल हमलों से तबाह कर दिया था। हालांकि, अब ये तनाव इतना बढ़ गया कि गुरुवार को लाहौर, कराची और रावलपिंडी तक में ड्रोन हमले हुए। संघर्ष बढ़ने का संकेत केवल मिसाइल या ड्रोन हमलों से ही नहीं मिलता बल्कि, गुरुवार को हुई सेना और विदेश मंत्रालय की प्रेस ब्रीफिंग में विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी की वर्दी से भी पाकिस्तान को एक संकेत देने की कोशिश की गई है।
याद कीजिए भारत मिसाइल स्ट्राइक के बाद बुधवार सुबर करीब 10.30 बजे जब इन दोनों अधिकारियों ने प्रेस ब्रीफिंग की थी, तब विंग कमांडर व्योमिका सिंह एयर फोर्स की एक फॉर्मल सर्विस ड्रेस- हल्के नीले रंग की शर्ट और पैंट में दिखी थीं। IAF के अधिकारी रेगुलर ड्यूटी के दौरान यह ड्रेस पहनते हैं।
इसी तरह कर्नल सोफिया कुरैशी भारतीय सेना की सामान्य ड्यूटी वर्दी (General Duty Uniform) में ऑलिव कलर की आधी आस्तीन वाली शर्ट और ऑलिव ग्रीन कलर की पैंट पहनी थी।
हालांकि, इसके एक दिन बाद गुरुवार को यही दोनों महिला अधिकारी जब पाकिस्तान की नापाक हरकत की जानकारी देने प्रेस ब्रीफिंग के लिए आईं, तो दोनों की कॉम्बेट यूनिफॉर्म में दिखीं।
विंग कमांडर एयर फोर्स की बैटल ड्रेस यूनिफॉर्म पहने हुई थीं। इसे IAF बैटल ड्रेस यूनिफ़ॉर्म (BDU) या फील्ड ड्रेस के नाम से भी जाना जाता है। एक लाइल ग्रे कलर की कैमॉफ्लाज यूनिफॉर्म है, जिसे एयर फोर्स के कर्मचारी युद्ध या फील्ड ऑपरेशन के दौरान पहनते हैं। इसमें आमतौर पर कैमॉफ्लाज पैटर्न वाली जैकेट, पैंट और एक मैचिंग कैप भी शामिल होती है।
ठीक इसी तरह कर्नल सोफिया कुरैशी भी आर्मी कॉम्बैट ड्रेस में थीं। ये नई कॉम्बैट ड्रेस 2022 में सेना में शामिल की गई थी। नई वर्दी में अमेरिकी सेना की वर्दी जैसा ही डिजिटल पैटर्न है।
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान सिंह और कुरैशी दोनों ही बताया कि पाकिस्तान पर की गई स्ट्राइक के लिए पहले ही साफ कर दिया गया था कि ये हमला आतंकी संगठनों पर था न कि किसी सैन्य ठिकाने या सिविल एरिया पर, फिर पाकिस्तान नहीं माना, जिसे फिर उसकी ही भाषा में जवाब दिया गया।
अधिकारियों का कॉम्बैट यूनिफॉर्म में मीडियो संबोधित करना पाकिस्तान को एक साफ संदेश है कि सेना कॉम्बैट मोड में है और वो पाकिस्तान की किसी भी नापाक हरकत का जवाब उसी भाषा में देने को तैयार है जो उस समझ में आती है।