Faridabad Murder Case : हरियाणा के फरीदाबाद में एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। फरीदाबाद में दो महीने पहले लापता हुई 24 साल की महिला तनु राजपूत का सड़ा-गला शव शुक्रवार को पल्ला इलाके के रोशन नगर में उसके ससुराल के पास एक 10 फीट गहरे गड्ढे से बरामद हुआ। शव को जेसीबी मशीन की मदद से बाहर निकाला गया। तनु की पहचान उसके परिवार ने की। पति ने ही तनु की हत्या की थी फिर पिता के साथ मिलकर रात में ही घर के बाहर बीच सड़क में सीवरेज का 5 फीट गहरा गड्ढा खोदा और उसमें शव को दफना दिया। किसी को शक ना हो, इसके लिए थाने जाकर पत्नी के लापता होने की कहानी भी बता दी।
बता दें कि तनु की शादी दो साल पहले अरुण नाम के युवक से हुई थी, जो रोशन नगर में रहता है। पुलिस का कहना है कि तनु उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के खेड़ा गांव की रहने वाली थी। आरोप है कि उसकी हत्या उसके ससुराल वालों ने कर दी और फिर यह कहकर बात छुपाने की कोशिश की कि वह घर से भाग गई है। वहीं तनु के पति, ससुर, सास और एक अन्य रिश्तेदार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। तनु का शव उस गली से मिला है जो उसके ससुराल के ठीक बगल में है। यह हिस्सा हाल ही में सीमेंट से ढका गया था। पड़ोसियों ने बताया कि लगभग दो महीने पहले वहां नाले की सफाई और निकासी के लिए खुदाई की गई थी।
तनु राजपूत के शव की पहचान उसके परिवार ने कपड़ों के आधार पर की। शव को शुक्रवार को फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डॉक्टरों की एक टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया है और रिपोर्ट अगले सप्ताह तक आने की संभावना है। तनु के लापता होने की शिकायत 25 अप्रैल को उसके पति ने पल्ला थाने में दर्ज कराई थी। उसने दावा किया था कि तनु मानसिक रूप से कमजोर है। लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि यह बात झूठी थी और हत्या को छुपाने के लिए यह कहानी गढ़ी गई थी।
पति और ससुर ने कबूला जुर्म
जब तनु के परिवार ने यूपी में उसके पति के इस दावे पर सवाल उठाया कि वह किसी के साथ भाग गई है, तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने पति और उसके परिवार पर साजिश रचने का आरोप लगाया। पुलिस ने कई बार जांच की, लेकिन कोई पक्का सुराग नहीं मिला और मामला अटक गया था। पुलिस ने शुक्रवार को अरुण सिंह के पिता, 50 वर्षीय भूप सिंह को पूछताछ के लिए उनके घर से थाना लाया। पुलिस के मुताबिक, लंबी पूछताछ के दौरान भूप सिंह ने स्वीकार किया कि तनु की हत्या की गई थी और पहचान छुपाने के लिए शव को रात में घर के पास बने सोखते गड्ढे में दफना दिया गया।
तनु की बहन प्रीति ने आरोप लगाया कि 2023 में शादी के बाद से ही तनु को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रीति ने कहा कि अरुण और उसके माता-पिता ने शादी के तुरंत बाद सोने के गहनों और पैसों की मांग शुरू कर दी थी। प्रीति के अनुसार, शादी के कुछ महीनों बाद ही तनु मायके लौट आई थी क्योंकि ससुराल में उसके साथ ठीक व्यवहार नहीं किया जा रहा था।