आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में बुधवार को एक दुखद हादसा हुआ है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के काफिले में शामिल एक वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना येतुकुरु गांव के पास हुई और कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मृतक की पहचान सिंगैया के रूप में हुई है, जो वेंगलयापलेम गांव का रहने वाला था।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब जगन मोहन रेड्डी रेंटापल्ली गांव में एक प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। सिंगैया भी वहां वाईएसआरसीपी के अन्य समर्थकों के साथ मौजूद था और सड़क किनारे खड़ा था। भीड़भाड़ के बीच, काफिले की एक गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब मृतक सिंगैया कथित तौर पर वाईएस जगन मोहन रेड्डी पर फूल बरसाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह काफिले की एक गाड़ी के सामने गिर पड़ा, और वहीं से गुजर रहे वाहन का पहिया उसकी गर्दन के ऊपर से निकल गया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि व्यक्ति वाहन के सामने गिरता है और अगला पहिया उसकी गर्दन पर चढ़ जाता है। हादसे के तुरंत बाद, वहां मौजूद लोग उसे बचाने के लिए दौड़े और पुलिस को जानकारी दी। सिंगैया को तुरंत गुंटूर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
काफिले में 30 से ज्यादा गाड़ियां थीं शामिल
गुंटूर रेंज के आईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने बताया कि जहां प्रशासन ने केवल तीन गाड़ियों की अनुमति दी थी, वहीं करीब 30 से 35 वाहन काफिले में शामिल थे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अधिकारियों ने कहा है कि यह जांच की जाएगी कि बिना अनुमति वाले वाहन काफिले में कैसे पहुंचे। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दुखद घटना ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया और जनप्रतिनिधियों ने भी सुरक्षा में लापरवाही की आलोचना की है।
इस बीच, पुलिस ने वाईएसआरसीपी समर्थक सिंगैया की मौत का मामला दर्ज कर लिया है और हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है। सिंगैया के परिवार ने न्याय की मांग करते हुए कहा है कि इस मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए, ताकि सच सामने आ सके।