भारतीय परंपरा में गहनों का महत्व सिर्फ सजावट तक सीमित नहीं है, बल्कि वे भावनाओं और रिश्तों से भी जुड़े होते हैं। खास तौर पर चांदी की पायल और बिछिया को शादीशुदा महिलाओं की पहचान और शुभता का प्रतीक माना जाता है। इन्हें रोज पहनने की वजह से इन पर धूल, नमी, पसीना और साबुन का असर पड़ना स्वाभाविक है, जिससे इनकी चमक धीरे-धीरे कम होने लगती है। समय के साथ चांदी पर कालापन भी दिखाई देने लगता है, जो देखने में अच्छा नहीं लगता। ऐसे में कई लोग इन्हें साफ करवाने के लिए ज्वेलर के पास ले जाते हैं, लेकिन हर बार ऐसा करना जरूरी नहीं है।
थोड़ी सी समझदारी और कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से आप घर बैठे ही अपनी पायल और बिछिया की खोई हुई चमक वापस ला सकती हैं और उन्हें लंबे समय तक सुंदर बनाए रख सकती हैं।
चायपत्ती और डिटर्जेंट का कमाल
एक पैन में एक चम्मच चायपत्ती और थोड़ा डिटर्जेंट डालकर पानी के साथ उबाल लें। इसमें पायल या बिछिया डालकर कुछ देर पकने दें। ठंडा होने पर पुराने टूथब्रश से हल्के हाथों रगड़ें और साफ पानी से धो लें। काली पड़ी चांदी फिर से दमक उठेगी।
बेकिंग सोडा और एल्युमिनियम फॉयल ट्रिक
गर्म पानी में एल्युमिनियम फॉयल का टुकड़ा डालें और ऊपर से एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। इसमें चांदी के गहने कुछ देर डुबोकर रखें। बाद में ब्रश से हल्का साफ करें। यह तरीका जमी हुई कालिख हटाने में बेहद असरदार है।
गर्म पानी में थोड़ा नमक और सफेद सिरका मिलाएं। पायल या बिछिया को 15–20 मिनट इसमें छोड़ दें। फिर ब्रश से रगड़कर धो लें। इससे गहनों की पुरानी चमक लौट आती है।
चूल्हे या अगरबत्ती की राख में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे गहनों पर लगाकर कॉटन से हल्के हाथों साफ करें। राख के प्राकृतिक गुण चांदी की सफाई में मदद करते हैं।