भारत में चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि एक एहसास है, जो सुबह की शुरुआत से लेकर शाम की थकान मिटाने तक हर पल को खास बना देती है। चाहे ऑफिस की मीटिंग हो, दोस्तों की महफ़िल या बारिश का मौसम एक कप चाय सब कुछ बेहतर बना देता है। यही वजह है कि भारत में हर मिनट लाखों कप चाय बनती और पी जाती है। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि हर किसी की बनी चाय का स्वाद अलग क्यों होता है? कोई चाय बनाता है तो उसकी खुशबू कमरे में फैल जाती है, जबकि किसी की चाय का रंग और स्वाद फीका रह जाता है।
इसका असली रहस्य सिर्फ चायपत्ती की किस्म में नहीं, बल्कि उसकी सही मात्रा में छिपा होता है। जरा सी ग़लती और वही चाय जो दिन बना सकती थी, आपके मूड को बिगाड़ भी सकती है।
कितनी चाय पत्ती डालनी है सही?
एक परफेक्ट कप चाय बनाने के लिए एक कप पानी या दूध में लगभग एक टीस्पून (करीब 2 ग्राम) चाय पत्ती डालना सबसे सही माना जाता है। इससे चाय का स्वाद और रंग दोनों ही बैलेंस रहते हैं। अगर आपको थोड़ा गाढ़ा स्वाद पसंद है, तो आप डेढ़ टीस्पून तक पत्ती डाल सकते हैं, लेकिन उससे ज्यादा नहीं।
चाय की किस्म के अनुसार भी मात्रा बदलती है
चाय पत्ती सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी कई फायदे देती है। इसमें कैटेचिन और थीफ्लेविन जैसे एंटीऑक्सिडेंट होते हैं, जो शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करते हैं।
‘लाइफ साइंस’ जर्नल में प्रकाशित एक रिसर्च के मुताबीक, सीमित मात्रा में चाय पीने से दिल की सेहत सुधरती है, पाचन बेहतर होता है और मेटाबॉलिज्म तेज होता है। लेकिन अगर आप चाय में पत्ती ज्यादा डालते हैं, तो कैफीन और टैनिन की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे एसिडिटी, बेचैनी और नींद की समस्या हो सकती है। इसलिए चाय बनाते समय हमेशा पत्ती को नापकर ही डालें तभी हर बार मिलेगा स्वादिष्ट और सेहतमंद चाय का आनंद।