पेमा खांडू बने अरुणाचल प्रदेश के तीसरी बार सीएम, चाउना मीन को मिली डिप्टी सीएम की कमान

Arunachal Pradesh CM Pema Khandu: पेमा खांडू एक बार फिर अरुणाचल प्रदेश के सीएम बन गए हैं। उन्होंने लगातार तीसरी बार सीएम पद की शपथ ली है। उनके बाद चाउना मीन ने डिप्टी सीएम की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह ईटानगर स्थित दोरजी खांडू कन्वेशन सेंटर में किया गया। इस समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए

अपडेटेड Jun 13, 2024 पर 12:05 PM
Arunachal Pradesh CM Pema Khandu: पेमा खांडू ने भाजपा में विश्वास जताने और उसे लगातार तीसरी बार सत्ता में लाने के लिए राज्य के लोगों को धन्यवाद दिया।

पेमा खांडू लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बन गए हैं। वह आज सुबह 11 बजे राजभवन में सीएम पद की शपथ ग्रहण कर लिया। उनके बाद चाउना मीन ने डिप्टी सीएम की शपथ ली।इस शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा मौजूद रहे। बुधवार को राजधानी ईटानगर में हुई बैठक में खांडू को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था। बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक रवि शंकर प्रसाद और तरुण चुघ भी शामिल हुए थे। पूर्वोत्तर राज्य से आने वाले केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू भी वहां मौजूद थे। पेमा खांडू ने भाजपा में विश्वास जताने और उसे लगातार तीसरी बार सत्ता में लाने के लिए राज्य के लोगों को धन्यवाद दिया।

शपथ ग्रहण समारोह ईटानगर स्थित दोरजी खांडू कन्वेशन सेंटर में हुआ। पेमा खांडू अरुणाचल के पूर्व मुख्यमंत्री दोरजी खांडू के बेटे हैं। खांडू साल 2016 से अरुणाचल के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने नबाम तुकी के इस्तीफे के बाद पहली बार पदभार संभाला था। जब खांडू पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री बने थे, तब वे कांग्रेस के साथ थे। 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान वे भाजपा में शामिल हो गए।

अरुणाचल प्रदेश में भाजपा की प्रचंड जीत


अरुणाचल में इस बार भाजपा को 60 में से 46 सीट पर जीत हासिल हुई है। पेमा खांडू समेत पार्टी के 10 प्रत्याशी निर्विरोध विधायक चुने गए थे। इसलिए चुनाव 50 सीटों पर ही हुए थे। राज्य में भाजपा का नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के साथ गठबंधन है। NPP को 5 सीटें मिलीं। इस लिहाज से अरुणाचल में NDA के पास 51 सीटें हैं। अरुणाचल में भाजपा गठबंधन ने सभी 60 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि कांग्रेस ने केवल 19 सीटों पर कैंडिडेट्स उतारे थे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को 3 और पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए) को 2 सीटों पर जीत हासिल हुई। बता दें कि 19 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में तीन निर्दलीय भी विजयी हुए है। विधानसभा चुनाव के नतीजे 2 जून को घोषित किए गए थे।

अरुणाचल प्रदेश का इतिहास

अरुणाचल प्रदेश कभी असम का हिस्सा रहा है। ब्रिटिश शासकों ने 1838 में इसे अपने राज्य में शामिल किया। स्वतंत्रा के बाद और 1962 से पहले अरुणाचल प्रदेश नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर (नेफा) के नाम से जाना जाता था। 1972 में इसे केंद्रशासित प्रदेश बनाया गया। इसका नाम अरुणाचल प्रदेश रखा गया। इसके बाद 20 फरवरी 1987 को अरुणाचल प्रदेश को भारत के 24वें राज्य के रूप में पूर्ण राज्य का दर्जा दिया गया। अरुणाचल प्रदेश को भारत में सूर्य के उगने का प्रदेश कहा जाता है।

आदिवासी नेता मोहन चरण माझी बने ओडिशा के नए मुख्यमंत्री, पढ़ें- चौकीदार के बेटे से सीएम तक का सफर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।