कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि फंड जुटाने के लिए बीजेपी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट और ईडी (ED) का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियां अमीर कारोबारियों और ठेकेदारों को ब्लैकमेल छापे मारकर ब्लैकमेल कर रही है क्योंकि पार्टी पहले की तरह फंड नहीं जुटा पा रही है और उसकी हार लगभग तय है। सिर्फ विधानसभा चुनावों के लिए ही नहीं बल्कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भी यह फंड नहीं जुटा पा रही है। उन्होंने कर्नाटक सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाने को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी आने वाले चुनावों में अपनी हार के लिए बहाने ढूंढ रही है।
यह पूरा मामला बीजेपी के आरोपों से जुड़ा है जिसमें बीजेपी ने कहा कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की छापेमारी में करोड़ों रुपये पकड़े गए कांग्रेस के इशारे पर इकट्ठा गया कमीशन का पैसा था। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि पांच राज्यों के चुनावों के लिए कांग्रेस ने यह पैसा जुटाया था।
'40% कमीशन बंद होने पर के चलते बढ़ी छापेमारी'
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का कहना है कि कर्नाटक में इसका सबसे बड़ा फंड जुटाने का स्रोत 40 फीसदी कमीशन अब बंद हो चुका है तो ऐसे में इनकम टैक्स और ईडी के छापे पड़वाए जा रहे हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने ये बातें X पर ट्वीट्स के जरिए कही। उन्होंने कहा कि हालिया राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में बीजेपी का हार निश्चित लग रही है तो अब यह अपनी हार के लिए बेकार बहाने ढूंढ रही है। उन्होंने कहा कि इस पर आश्चर्य नहीं होगा, अगर चुनाव नतीजे के अगले दिन बीजेपी यह कहे कि कांग्रेस पार्टी के मनी पावर की वजह से वे हारे। सिद्धारमैया ने आगे कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड्स के जरिए जितने पैसे बीजेपी ने जुटाए हैं, वह इस बात का सबूत है कि कौन-सी पार्टी अपनी चुनावी राजनीति के लिए पैसे लूटने में लगी हुई है। मार्च 2018 से जनवरी 2023 के बीच 12,008 करोड़ रुपये के चुनावी बॉन्ड बेचे गए। जिसमें 5,272 करोड़ रुपये बीजेपी के हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री समेत BJP के कई नेताओं पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आरोप लगाया कि बीजेपी के पूर्व विधायक मदल विरुपक्षप्पा भारी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद जेल गए, लेकिन जब वह जमानत पर रिहा हुए तो बीजेपी नेताओं ने उन्हें अपने कंधों पर उठा लिया। वहीं दूसरी तरफ अब वे किसी निजी ठेकेदार के घर से मिले पैसे के लिए हमारा इस्तीफा मांग रहे हैं। क्या बीजेपी में कोई नैतिकता है? उन्होंने आगे कहा कि राज्य के इतिहास में भ्रष्टाचार के घोटालों में बीजेपी के कई नेता फंसे हैं। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, पूर्व मंत्री जी जनार्दन रेड्डी, कट्टा सुब्रह्मण्यम नायडू और कृष्णैया शेट्टी, पूर्व विधायक संपांगी और विरुपाक्षप्पा जैसे बीजेपी नेताओं को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में जा चुके हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री का कहना है कि बीजेपी के नेता भ्रष्टाचार करते रहे हैं और यह कांग्रेस पर आरोप लगा रही है, इसे लेकर राज्य के लोग हंस रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व मंत्रियों केएस ईश्वरप्पा, मुनिरत्न, के सुधाकर और बीसी पाटिल पर 40 फीसदी कमीशन लेने का आरोप था तो पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और राज्य भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कतील बिटकॉइन घोटाले में फंसे थे। डॉ अश्वथ नारायण, बी वाई विजयेंद्र और अरागा ज्ञानेंद्र पीएसआई भर्ती घोटाले में शामिल होने के आरोपों का सामना कर रहे हैं। चुनाव टिकट धोखाधड़ी मामले में बी एल संतोष, सुनील कुमार और सीटी रवि का नाम आया था। उन्होंने कहा कि एक ठेकेदार की आत्महत्या के लिए जिम्मेदारी माने जाने वाले पूर्व मंत्री ईश्वरप्पा और भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल जा चुके येदियुरप्पा को अब भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलते देखना मनोरंजक है। उन्होंने कहा कि यह बड़ी विडंबना है कि कॉरपोरेट से पैसा लूटने वाले और देश को 'कॉरपोरेशन करप्शन के किंग' अदाणी के हाथों में सौंपने वाले आज भ्रष्टाचार के बारे में बात कर रहे हैं।