Delhi polls: दिल्ली में 1 करोड़ 55 लाख से अधिक वोटर्स करेंगे मतदान, चुनाव आयोग ने जारी की फाइनल वोटर लिस्ट

Delhi Election 2025: दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय की तरफ से सोमवार को प्रकाशित फाइनल वोटर लिस्ट के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में 1,55,24,858 रजिस्टर्ड मतदाता हैं। इनमें 84,49,645 पुरुष मतदाता हैं, जबकि 71,73,952 महिला वोटर्स हैं। वहीं, 1,261 थर्डजेंडर वोटर्स हैं

अपडेटेड Jan 06, 2025 पर 6:35 PM
Story continues below Advertisement
Delhi Election 2025: दिल्ली के चुनाव में इस बार कुल 1.55 करोड़ से ज्यादा वोटर्स होंगे

Delhi Election 2025: चुनाव आयोग ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले सोमवार (6 जनवरी) को फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी। लिस्ट के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में 1,55,24,858 रजिस्टर्ड मतदाता हैं। इनमें 84,49,645 पुरुष मतदाता हैं, जबकि 71,73,952 महिला वोटर्स हैं। वहीं, 1,261 थर्डजेंडर वोटर्स हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच गरमागरम विवाद के बीच दिल्ली की फाइनल वोटर लिस्ट जारी की गई है। दोनों पार्टियों ने वोटर लिस्ट से छेड़छाड़, फर्जी तौर पर नाम हटाने और जोड़ने का आरोप लगाया है। AAP ने पहले BJP पर वोटर लिस्ट से नाम हटाने का आरोप लगाया था।

दिल्ली के CEO कार्यालय ने कहा कि पिछले 20 दिनों में उन्हें नए नामांकन के लिए अभूतपूर्व संख्या में 5.1 लाख फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। एक बयान में कहा गया है कि 16 दिसंबर, 2024 से नए मतदाता रजिस्ट्रेशन के लिए फॉर्म-6 की अभूतपूर्व भीड़ देखी गई है। इस तारीख से दिल्ली में 5.1 लाख से अधिक फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं।

पहली बार वोट देने जा रहे युवाओं की संख्या 2,08,302 है। चुनाव आयोग ने अक्टूबर 2024 में डेटा जारी किया था, उस वक्त मतदाताओं की संख्या 1,53,57,529 थी। निर्वाचन आयोग ने अलग-अलग उम्र सीमा के वोटर्स का आंकड़ा भी जारी किया है।


राजधानी में विकासपुरी ऐसा विधानसभा क्षेत्र हैं, जहां वोटर्स की संख्या सबसे अधिक है। जबकि दिल्ली कैंट में सबसे कम मतदाता हैं। विकासपुरी में वोटर्स की संख्या जहां 4,62,184 है। वहीं, दिल्ली कैंट में 78,893 मतदाता हैं। सबसे अधिक लिंगानुपात वाला क्षेत्र तिलकनगर (967) और सबसे कम लिंगानुपात वाला एरिया ओखला (731) है।

ये नहीं कर पाएंगे मतदान

चुनाव आयोग ने कहा कि जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं, वे 2025 के विधानसभा चुनाव में मतदान नहीं कर पाएंगे। नई वोटर लिस्ट में यह भी डिटेल्स दिया गया है कि कितने नए मतदाता जोड़े गए हैं और कितने नाम हटाए गए हैं। AAP ने BJP पर दिल्ली भर में केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी का समर्थन करने वाले मतदाताओं के नाम हटाने के लिए कई बार आवेदन दाखिल करने का आरोप लगाया है। अधिकारी ने कहा कि वोटर लिस्ट से किसी भी नाम को हटाने की प्रक्रिया चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी तरह से सत्यापन के बाद की जाती है और हटाने के लिए सूची जमा करने मात्र से प्रक्रिया शुरू नहीं होती है।

दिल्ली चुनाव कब होंगे?

दिल्ली में विधानसभा चुनाव फरवरी 2025 में होने की संभावना है। हालांकि, भारत के चुनाव आयोग ने अभी तक तारीखों की घोषणा नहीं की है। दिल्ली में लगातार 15 वर्षों तक सत्ता में रही कांग्रेस ने पिछले दो विधानसभा चुनावों में खराब प्रदर्शन किया है। वह एक भी सीट जीतने में विफल रही है। 2020 के विधानसभा चुनावों में AAP ने 70 में से 62 सीटें जीतीं और बीजेपी ने आठवीं सीटें हासिल की।

ये भी पढ़ें- केजरीवाल ने 'शीश महल' पर खर्च किए थे ₹80 करोड़, CAG रिपोर्ट को लेकर BJP का सनसनीखेज दावा

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोमवार को नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में वोटर घोटाले का आरोप लगाया। वहां से आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल आगामी विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। AAP लगातार वोटर लिस्ट में हेरफेर का आरोप लगा रही है।

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Jan 06, 2025 6:34 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।