Haryana Chunav 2024: हरियाणा में थमा चुनाव प्रचार का शोर, 5 अक्टूबर को होगा मतदान, पीएम मोदी बोले- 'भरोसा दिल से, BJP फिर से'
Haryana Chunav 2024: चुनाव प्रचारसमाप्त होने से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया की नजरें भारत पर हैं। दुनिया, भारत की ओर बहुत आशा और उम्मीद से देख रही है। ऐसे में यह बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है कि हरियाणा के लोग एक ऐसी सरकार चुनें, जो भारत को मजबूती देने की दिशा में प्रयास करे
Haryana Election 2024: हरियाणा में 5 अक्टूबर को मतदान होगा। वहीं, 8 अक्टूबर को रिजल्ट घोषित किए जाएंगे
Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा में पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान गुरुवार (3 अक्टूबर) शाम समाप्त हो गया। हरियाणा में सत्ताराधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लिए प्रयासरत है। वहीं, कांग्रेस (Congress) 10 साल बाद सत्ता में वापसी करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। हरियाणा में दो करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा के लिए एक चरण का मतदान शनिवार 5 अक्टूबर को होगा। वहीं, मतगणना 8 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव परिणाम के साथ होगी।
गुरुवार शाम छह बजे चुनाव प्रचार समाप्त होने से कुछ घंटे पहले प्रमुख प्रतियोगी दलों बीजेपी, कांग्रेस, आप, इनेलो-बसपा और जेजेपी-आजाद समाज पार्टी ने रैलियां और रोड शो करके मतदाताओं को लुभाने के लिए अंतिम प्रयास किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा की सभी 90 सीटों पर मतदान पांच अक्टूबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के लिए कुल 20,629 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
जनसभा या रैलियां करने पर रोक
अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार 3 अक्टूबर को शाम छह बजे के बाद किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार को जनसभा या रैलियां करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बीजेपी ने अपने चुनाव अभियान को "डबल इंजन" सरकार के कार्यों और प्रदर्शन पर केंद्रित रखा। जबकि उसने कांग्रेस पर आरक्षण, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और वंशवादी राजनीति को लेकर निशाना साधा। महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों से जुड़े मुद्दे दोनों मुख्य प्रतिद्वंद्वी दलों के चुनावी घोषणापत्रों का मुख्य मुद्दा रहे।
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस के राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा, बीजेपी के योगी आदित्यनाथ और नायब सिंह सैनी, जेजेपी के दुष्यंत चौटाला और इनेलो के अभय सिंह चौटाला समेत कई प्रमुख नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टियों के लिए प्रचार किया। बीजेपी के अभियान की अगुआई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। उन्होंने चार रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने कई मुद्दों पर कांग्रेस पर हमला बोला।
वोटर्स में पीएम मोदी की खास अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवारको हरियाणा के लोगों को देशभक्त और कांग्रेस को 'विभाजनकारी' करार देते हुए कहा कि आज दुनिया भारत की ओर बहुत उम्मीद से देख रही है। लिहाजा वे राज्य में ऐसी सरकार चुनें जो भारत को मजबूती देने की दिशा में प्रयास करे। राज्य में विधानसभा चुनाव के तहत पांच अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए प्रचार का शोर थमने से पहले पीएम मोदी ने मतदाताओं से एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने की अपील करते हुए दावा किया कि कांग्रेस कभी भी हरियाणा में स्थिर सरकार नहीं दे सकती और ना ही देश को मजबूत नहीं बना सकती है।
प्रधानमंत्री ने X पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, "पिछले 10 वर्षों में भाजपा ने हरियाणा के लोगों के जीवन को समृद्ध बनाने के लिए लगातार काम किया है। हमने सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। किसान हों, युवा हों, महिलाएं हों, गांव और शहरों का विकास हो, हमने कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी। हम हरियाणा को कांग्रेस के घोटालों और दंगों वाले दौर से बाहर निकालकर लाए हैं।"
PM मोदी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने लोगों का जो उत्साह देखा है। उससे उन्हें पक्का विश्वास है कि हरियाणा के लोग भाजपा को फिर अपना आशीर्वाद देने वाले हैं। उन्होंने कहा, "हरियाणा के देशभक्त लोग, कांग्रेस की विभाजनकारी और नकारात्मक राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।"
उन्होंने कहा, "आज पूरी दुनिया की नजरें भारत पर हैं। दुनिया, भारत की ओर बहुत आशा और उम्मीद से देख रही है। ऐसे में यह बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है कि हरियाणा के लोग एक ऐसी सरकार चुनें, जो भारत को मजबूती देने की दिशा में प्रयास करे। कांग्रेस कभी देश को मजबूत नहीं बना सकती।"
गांधी परिवार पर बोला हमला
गांधी परिवार और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के परिवार की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता जानती है कि 'कांग्रेस का मतलब भ्रष्टाचार, जातिवाद, सांप्रदायिकता और भाई-भतीजावाद की गारंटी' है।
अब से कुछ देर में हरियाणा विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान समाप्त हो जाएगा। बीते कुछ दिनों में मैंने पूरे राज्य की यात्रा की है। मैंने लोगों का जो उत्साह देखा है, उसे देखकर मुझे ये पक्का विश्वास है कि हरियाणा के लोग भाजपा को फिर अपना आशीर्वाद देने वाले हैं। हरियाणा के देशभक्त लोग,…
उन्होंने कहा, "बापू-बेटे की राजनीति का मूल उद्देश्य सिर्फ स्वार्थ है। कांग्रेस यानि दलाल और दामाद का सिंडिकेट...।" उन्होंने दावा किया कि हिमाचल से कर्नाटक तक कांग्रेस की सरकारें विफल साबित हुई हैं। साथ ही आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीतियां लोगों को तबाह करती हैं।
पिछले 10 वर्षों में भाजपा ने हरियाणा के लोगों के जीवन को समृद्ध बनाने के लिए लगातार काम किया है। हमने सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। किसान हों, युवा हों, महिलाएं हों, गांव और शहरों का विकास हो, हमने कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी। हम हरियाणा को कांग्रेस के घोटालों और… — Narendra Modi (@narendramodi) October 3, 2024
प्रधानमंत्री ने कहा, "हरियाणा की जनता यह जानती हैं कि कांग्रेस कभी स्थिर सरकार नहीं दे सकती। हरियाणा के लोग देख रहे हैं कि कैसे कांग्रेस के नेता आपस में लड़ रहे हैं। ये हाल तब है, जब ये विपक्ष में हैं।" प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लोगों को इस बात से भी चोट पहुंच रही है कि दिल्ली और हरियाणा में बैठे दो खास परिवारों के इशारे पर पूरा हरियाणा 'अपमानित' हो रहा है।
हरियाणा की जनता यह जानती हैं कि कांग्रेस कभी स्थिर सरकार नहीं दे सकती। हरियाणा के लोग देख रहे हैं कि कैसे कांग्रेस के नेता आपस में लड़ रहे हैं। ये हाल तब है, जब ये विपक्ष में हैं। हरियाणा के लोगों को इस बात से भी चोट पहुंच रही है कि दिल्ली और हरियाणा में बैठे दो खास परिवारों के…
पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस के नेताओं ने आरक्षण खत्म करने का बयान देकर अपने इरादे जता दिए हैं। हरियाणा का पिछड़ा और दलित समुदाय जातिगत हिंसा रोकने में विफल रहने पर पहले से ही कांग्रेस से नाराज चल रहा है। इसलिए लोगों ने कांग्रेस को फिर कड़ी सजा देने का मन बना लिया है। हरियाणा के गली-गली से एक ही आवाज आ रही है- भरोसा दिल से, भाजपा फिर से।"