Haryana New CM: हरियाणा में नायब सिंह सैनी ही होंगे सीएम, विधायकों की बैठक में लगी मुहर, 17 अक्टूबर को लेंगे शपथ

Haryana New CM Oath Ceremony: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 48 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। ऐसा करके भगवा पार्टी ने 10 साल की सत्ता विरोधी लहर और एग्जिट पोल को भी झुठला दिया, जिसमें विपक्षी कांग्रेस की भारी जीत का अनुमान लगाया गया था

अपडेटेड Oct 16, 2024 पर 1:28 PM
Story continues below Advertisement
Haryana New CM Oath Ceremony: हरियाणा में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है

Haryana New CM Oath Ceremony: हरियाणा में नायब सिंह सैनी ही फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नायब सिंह सैनी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दल के नेता चुने गए हैं। विधायक दल का नेता चुनने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नवनिर्वाचित विधायकों की बुधवार (16 अक्टूबर) को पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में हिस्सा ले रहे विधायकों ने नायब सिंह सैनी के नाम पर अपनी सहमति जताई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में बैठक में शामिल थे। खुद अमित शाह ने सैनी के नाम की घोषणा की।

मार्च महीने में मनोहर लाल खट्टर की जगह हरियाणा के मुख्यमंत्री बने नायब सिंह सैनी राज्य विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मुख्यमंत्री पद का चेहरा थे। इसलिए उनके मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने की पूरी संभावना थी।

हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए गए। राज्य में बीजेपी ने तीसरी बार जीत हासिल की है। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी को 48 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 37 सीटें प्राप्त की हैं।


शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार 17 अक्टूबर को होगा। इस दौरान सैनी लगातार दूसरी बार हरियाणा की कमान संभालेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

विधायक दल की बैठक में सीएम के नाम पर मुहर लगने के बाद अब राज्यपाल के पास सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। इसके साथ ही राज्यपाल को अगले दिन शपथ ग्रहण करने वाले मंत्रियों की लिस्ट सौंपी जाएगी। उसके बाद राज्यपाल विधायक दल के नेता और मंत्रियों को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित करेंगे। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 17 अक्टूबर को पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में होगा।

सैनी ने लिया जायजा

कार्यवाहक सीएम नायब सिंह सैनी ने एक दिन पहले मंगलवार को ग्राउंड का दौरा कर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ विधायक कृष्ण बेदी, मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, पूर्व सांसद संजय भाटिया भी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें- Omar Abdullah: केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पहले CM बने उमर अब्दुल्ला, 5 मंत्रियों ने भी ली शपथ, कांग्रेस सरकार में शामिल नहीं

बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 10 केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों, विभिन्न राज्यों के राज्यपाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। समारोह में शामिल होने वाले लोगों के बैठने की उचित व्यवस्था करने के अलावा प्रशासन 2,000 बसों और 5,000 छोटे वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था कर रहा है।

भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा के चुनावी महाभारत में सत्ता विरोधी लहर को लेकर राजनीतिक पंडितों के अनुमानों को धत्ता बताते हुए ऐतिहासिक प्रदर्शन किया और लगातार तीसरी बार जीत हासिल की। पिछले विधानसभा में राज्य में गठबंधन की सरकार चलाने वाली बीजेपी ने इस बार 90 सदस्यीय विधानसभा में अकेले 48 सीटों पर स्पष्ट बहुमत हासिल करके 10 साल बाद सत्ता में वापसी के मुख्य विपक्षी कांग्रेस के मंसूबों पर पानी फेर दिया।

कांटे के सीधे मुकाबले में भगवा पार्टी कांग्रेस पर भारी पड़ी और कांग्रेस 37 सीटों तक ही पहुंच पाई है। वर्ष 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 40 और कांग्रेस को 31 सीटें मिली थीं।

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Oct 16, 2024 1:15 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।