Credit Cards

Jharkhand Chunav: हेमंत सोरेन ने तोड़ा 24 साल का रिकॉर्ड, झारखंड में INDIA गठबंधन की जीत के 5 बड़े कारण

Jharkhand Election Results: हेमंत सोरेन की अगुआई वाली झारखंड सरकार इस योजना के तहत 18 से 50 साल की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देती है। पूरे चुनाव अभियान के दौरान इस योजना का साफ असर दिखाई दिया। हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन चुनाव अभियान के दौरान इस योजना की अघोषित चेहरा बनकर उभरीं और उन्होंने महिला मतदाताओं को जोड़ने में काफी अहम भूमिका निभाई

अपडेटेड Nov 23, 2024 पर 1:47 PM
Story continues below Advertisement
Jharkhand Election Results: बीजेपी चुनाव अभियान में इंडिया गठबंधन की 'मैया सम्मान योजना' की काट नहीं निकाल पाई

Jharkhand Election Results: झारखंड में एक बार फिर से इंडिया गठबंधन सरकार बनाता दिख रहा है। शुरुआती रुझानों में राज्य की 81 में से 48 सीटें कांग्रेस-JMM की अगुआई वाले इंडिया गठबंधन के खाते में जाते दिख रही है। वहीं बीजेपी की अगुआई वाला NDA गठबंधन सिर्फ 32 सीटों पर आगे चल रहा था। बीजेपी ने झारखंड में इस बार काफी आक्रामक चुनाव प्रचार किया था। उसने बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे को काफी जोरों-शोरों से उठाया था। लेकिन वे इंडिया गठबंधन की 'मैया सम्मान योजना' की काट नहीं निकाल पाए।

1. मैया सम्मान योजना

हेमंत सोरेन की अगुआई वाली झारखंड सरकार इस योजना के तहत 18 से 50 साल की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देती है। पूरे चुनाव अभियान के दौरान इस योजना का साफ असर दिखाई दिया। हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन चुनाव अभियान के दौरान इस योजना की अघोषित चेहरा बनकर उभरीं और उन्होंने महिला मतदाताओं को जोड़ने में काफी अहम भूमिका निभाई।

महिला मतदाताओं का इंडिया गठबंधन की ओर झुकाव का एक कारण उसका चुनावी वादा भी था। इंडिया गठबंधन ने अपने साझा घोषणापत्र में वादा किया था कि अगर वे फिर से सत्ता में आए तो मैया सम्मान योजना के तहत दिसंबर से राशि बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी जाएगी। कल्पना सोरेन ने इस वादे को महिला मतदाताओं तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। मतदान के दौरान महिला मतदाताओं में, खासतौर से आदिवासी इलाकों में इस योजना का साफ असर देखा गया।


2. कल्पना सोरेन का शानदार चुनाव प्रचार

कल्पना सोरेन ने अपने पति हेमंत सोरेन के जेल में जाने के बाद अपने पहले भाषण में आंसुओं के साथ शुरुआत की। लेकिन जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आते गया, उनकी रैलियो में जनसैलाब बढ़ता गया और वह इंडिया गठबंधन की सबसे स्टार प्रचारक बन गईं। कई मौको पर तो यह भी देखा गया कि भीड़ जुटाने में कल्पना सोरेन अपने पति हेमंत सोरेन से भी आगे निकल गईं। इस भीड़ में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक रही। कल्पना सोरेन हिंदी के अलावा कई स्थानीय भाषाएं भी जानती हैं, जिसके जरिए वह मतदाताओं से बेहतर कनेक्ट कर पाईं और उन्हें इंडिया गठबंधन से जोड़ पाईं।

3. 200 यूनिट बिजली माफ, कर्ज माफी

हेमंत सोरेन सरकार ने मतदाताओं को लुभाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान किया। इसमें 200 यूनिट तक बिजली माफ से लेकर किसानों की कर्ज माफी तक शामिल हैं। इसके अलावा हेमंत सरकार की सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना भी काफी लोकप्रिय रही। सोरेन सरकार ने दावा किया कि वह पिछले 5 साल में झारखंड के हर परिवार को प्रति महीने औसतन 12 हजार एवं प्रति वर्ष 1 लाख 20 हजार रुपये का लाभ देने में सफल रही

4. आदिवासी वोटरों का साथ

भारतीय जनता पार्टी तमाम वादों के बाद भी बड़े पैमाने पर आदिवासी वोटरों को लुभा पाने में नाकाम रही। हेमंत सोरेन ने चुनाव अभियान के दौरान अपनी गिरफ्तारी को आदिवासी अस्मिता का मुद्दा बना दिया। इसके अलावा आदिवासी आरक्षण जैसे मुद्दे पर भी JMM-कांग्रेस गठबंधन हमलवार रहा। बीजेपी ने अपनी पिछली सरकार में एक गैर-आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाया था, इसका असर भी आदिवासियों के बीच में देखा गया।

5. कुड़मी वोटर्स का बिखराव

झारखंड चुनाव में आजसू का प्रदर्शन काफी खराब रहा, जो बीजेपी की सहयोगी है। शुरुआती रुझानों में वो महज 1 सीट पर आगे दिख रही है। झारखंड में कुड़मी वोटर्स को आजसू का वोटबैंक माना जाता है। हालांकि इस बार जयराम महतो के उतरने से यह वोटबैंक इस पार्टी से छिटक गया। कुड़मी वोटबैंक के बंटने से इंडिया गठबंधन को फायदा मिला और वह इन सीटों पर अच्छे मार्जिन के साथ आगे चल रही है।

टूटने जा रही 24 साल पुरानी परंपरा

इसके साथ ही झारखंड में पिछले 24 सालों से सरकार बदलने की चली आ रही परंपरा भी टूटने जा रही है। झारखंड राज्य के गठन के बाद से ही अब तक कोई भी सरकार लगातार 2 बार सत्ता में नहीं रही है। हालांकि कांग्रेस-JMM गठबंधन इस बार यह परंपरा तोड़ते हुए लगातार दूसरी बार सत्ता में वापस आती दिख रही है।

यह भी पढ़ें- Jharkhand Results 2024 Live: झारखंड में RJD का सरप्राइज, 6 में 5 सीटों पर आगे चल रही है तेजस्वी की पार्टी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।