Credit Cards

Jharkhand Assembly Election: झारखंड में पहले चरण में 43 सीटों पर होगी सियासी लड़ाई, इन बड़े चेहरों की किस्मत लगी दांव पर

Jharkhand Assembly Election: झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में चुनाव होगा। 23 नवंबर को इसके नतीजे आएंगे। राज्य में कुल 2.6 करोड़ मतदाता हैं, जिसमें से 1.31 करोड़ पुरुष और 1.29 करोड़ महिलाएं हैं। 20 से 29 साल के उम्र के मतदाताओं की संख्या 66.84 लाख है, जिनमें 18 और 19 साल के 11.84 लाख मतदाता पहली बार वोट डालेंगे

अपडेटेड Nov 12, 2024 पर 8:08 PM
Story continues below Advertisement
Jharkhand Assembly Election: पहले चरण के चुनाव में इन हॉट सीटों पर रहेगी सबकी नजर

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान बुधवार 13 नवंबर होने वाला है। इस चरण में 43 सीटों के लिए 685 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चुनाव में विपक्षी INDIA गुट और NDA के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। पहले चरण की लड़ाई में कई दिग्गज नेता चुनावी मैदान में है, जिसमें चंपई सोरेन, सरयू राय, बन्ना गुप्ता, पूर्णिमा दास, महुआ माजी, डा. अजय कुमार जैसे कई बड़े नेताओं की किस्मत दांव पर है।

पहले चरण में सरायकेला, रांची, जमशेदपुर पश्चिम, जगन्नाथपुर और जमशेदपुर पूर्व कुछ बड़ी विधानसभाएं शामिल हैं। यहां से कई शीर्ष नेता चुनावी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 13 नवंबर को जनता करेगी।

सरायकेला: झारखंड के पुर्व सीएम चंपई सोरेन ने इस बार चुनाव में अपना दल बदल लिया है। पिछले विधानसभा चुनाव में चंपई सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के टिकट पर सरायकेला विधानसभा से चुनाव लड़े और जीत भी दर्ज की,  लेकिन इस बार चंपई BJP की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं।  चंपई सोरेन की गिनती शिबू सोरेन के करीबियों में की जाती थी। जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जेल गए थे, तो चंपई सोरेन ने ही सीएम का पद संभाला था। हेमंत सोरेन के जेल से बाहर आने के बाद चंपई सोरेन को सीएम की कुर्सी खाली करनी पड़ी।


जमशेदपुर (पूर्व): कांग्रेस ने जमशेदपुर (पूर्व) सीट से अजय कुमार पर अपना भरोसा जताया है। 1985 से इस सीट को कांग्रेस जीतने की कोशिश कर रही है। पूर्व IPS अधिकारी से राजनेता बने अजय कुमार को कांग्रेस पार्टी का सबसे मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा है। 62 साल के कुमार जमशेदपुर में बतौर SP रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उनकी एक सख्त पुलिस अधिकारी की छवि रही है, जिससे उनको लाभ मिल सकता है। इस सीट पर अजय कुमार का मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार पूर्णिमा दास साहू से है, जो अपने ससुर और पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास की विरासत को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं।

जगन्नाथपुर: झारखंड की जगन्नाथपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी ने गीता कोड़ा को मैदान में उतारा है। झारखंड से कांग्रेस की एकमात्र लोकसभा सदस्य गीता कोड़ा आम चुनाव से ठीक पहले फरवरी में बीजेपी में शामिल हो गई थीं। 2019 के आम चुनाव से पहले गीता कोड़ा और उनके पति और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा कांग्रेस में आए थे, जहां उन्होंने चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम) लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी।

जमशेदपुर पश्चिम: इस विधानसभा क्षेत्र में पुराने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के बन्ना गुप्ता और JDU के सरयू राय के बीच फिर से कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे गुप्ता के पास स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग है और उनका दावा है कि उन्होंने शहर में कई विकास परियोजनाएं शुरू की हैं, जिससे उनका वोटर बेस मजबूत हुआ है। दूसरी ओर सरयू राय जो पहले BJP में थे, 2014 में पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास को हराने के बाद काफी ज्यादा चर्चा में आ गए।

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने रांची विधानसभा सीट के लिए महुआ माजी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वर्तमान में राज्यसभा सांसद माजी बीजेपी के सीपी सिंह को चुनौती देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने झारखंड से राज्यसभा के लिए चुनी जाने वाली पहली महिला बनकर इतिहास रच दिया। महुआ माजी ने समाजशास्त्र में PhD की है और ऊर्जा संरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2022 जैसे ऊर्जा मुद्दों पर चर्चा सहित संसदीय बहसों में सक्रिय रूप से भाग लिया है।

दो चरणों में होगा चुनाव

झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में चुनाव होगा। 23 नवंबर को इसके नतीजे आएंगे। राज्य में कुल 2.6 करोड़ मतदाता हैं, जिसमें से 1.31 करोड़ पुरुष और 1.29 करोड़ महिलाएं हैं। 20 से 29 साल के उम्र के मतदाताओं की संख्या 66.84 लाख है, जिनमें 18 और 19 साल के 11.84 लाख मतदाता पहली बार वोट डालेंगे।

'योगी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है': खड़गे के 'आतंकवादी' वाले बयान पर यूपी के सीएम का पलटवार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।