Madhya Pradesh Assembly Elections: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार 25 सितंबर को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 39 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में मोदी सरकार के तीन केंद्रीय मंत्रियों के भी नाम हैं, जिनमें नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रह्लाद सिंह पटेल को क्रमश: दिमानी और नरसिंहपुर विधानसा क्षेत्रों से उम्मीदवार बनाया गया है। इसी तरह, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, निवास विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
केंद्रीय मंत्रियों के अलावा भी BJP ने इस बार अपने कई सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारा है। सांसद उदय प्रताप सिंह गाडरवारा से और सांसद रीति पाठक सीधी से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर-1 और सांसद गणेश सिंह को सतना विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी की दूसरी सूची में 6 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। इनमें सीधी से सांसद रीति पाठक के अलावा, सैलाना विधानसभा से संगीता चारेल, परासिया विधानसभा से ज्योति डहेरिया, घोंडाडोंगरी विधानसभा से गंगा बाई उइके, भीकनगांव विधानसभा से नंदा ब्राह्मणे और डबरा से इमरती देवी का नाम शामिल है।
BJP केंद्रीय चुनाव समिति ने इस महीने की शुरुआत में एक उच्च स्तरीय बैठक की थी। इस बैठक में उन सीटों के लिए रोडमैप तय किया गया था, जिसे BJP पिछले विधानसभा चुनावों में जीतने में विफल रही थी।
इस बैठक में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा आदि शामिल थे
बता दें कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन्हें 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले विधानसभा चुनावों का अंतिम दौर माना जा रहा है।
मध्य प्रदेश में BJP सत्ता में है। वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सत्ता में है। तेलंगाना में बीआरएस सत्ता में है जबकि मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट सरकार चला रही है।
BJP उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट आप नीचे देख सकते हैं-