MP Election 2023: भारतीय जनता पार्टी (BJP) को विधानसभा चुनाव (Assembly Election) से ठीक पहले मध्य प्रदेश (MP) में एक बड़ा झटका लगा है। इंदौर के प्रमुख नेता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) के करीबी नेता प्रमोद टंडन ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता त्याग दी है। टंडन को कट्टर सिंधिया वफादार माना जाता था और कांग्रेस (Congress) के खिलाफ सिंधिया के विद्रोह के बाद फरवरी 2020 में उन्होंने भी कांग्रेस का दामन छोड़ कर BJP का हाथ थाम लिया था।
BJP के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को लिखे एक औपचारिक पत्र में, प्रमोद टंडन ने अपनी प्राथमिक सदस्यता और पार्टी के राज्य कार्यकारी सदस्य के रूप में अपनी भूमिका दोनों से इस्तीफे की घोषणा की।
टंडन ने कांग्रेस के शहर अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा और कार्यवाहक अध्यक्ष गोलू अग्निहोत्री के साथ बैठक भी की। न्यूज एजेंसी ANI ने टंडन के हवाले से कहा, “मैं माधवराव सिंधिया का करीबी सहयोगी रहा हूं। जब मैं ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ BJP में शामिल हुआ, तो हमने एक मजबूत बंधन साझा किया, लेकिन उसके बाद से सिंधिया की प्राथमिकताएं विकसित हुई हैं। पिछले छह महीने से मेरी सिंधिया से कोई बातचीत नहीं हुई है। मैं बीजेप के कथित अहंकार और तानाशाही प्रवृत्ति के कारण इस्तीफा दे रहा हूं।”
टंडन के साथ एक और बीजेपी नेता दिनेश मल्हार ने भी बीजेपी छोड़ दी। एक औपचारिक समारोह में पार्टी नेता कमल नाथ की तरफ से दोनों नेताओं को कांग्रेस में शामिल किए जाने की संभावना है। इस घटनाक्रम ने इंदौर में BJP को काफी मुश्किल में डाल दिया है, जहां पार्टी ने अपने दो सबसे प्रमुख नेताओं को खो दिया है।
इससे पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया के एक और बड़े समर्थक समंदरसिंह पटेल ने भी हाल ही में BJP छोड़ दी थी। ऐसे संकेत हैं कि प्रमोद टंडन और दिनेश मल्हार दोनों 23 सितंबर को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ले सकते हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक परिदृश्य को हिलाकर रख देने वाले कई BJP नेताओं ने कांग्रेस के प्रति निष्ठा बदल ली है। इनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक और मौजूदा विधायक भी शामिल हैं। मध्य प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं, जहां सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों के लिए विधायक चुने जाएंगे।
2018 के विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस ने राज्य में सत्ता संभाली, और अनुभवी कमल नाथ मुख्यमंत्री बने। हालांकि, 2020 में राजनीतिक उथल-पुथल के कारण ज्योतिरादित्य सिंधिया और 22 वफादार भगवा खेमे में चले गए। इसके बाद, कांग्रेस ने अपना बहुमत खो दिया और बीजेपी ने सरकार बनाई, और शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री के रूप में लौट आए।