महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों का सब बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, उससे पहले आए एग्जिट पोल ने और भी ज्यादा उत्सुकता पैदा कर दी है। ज्यादातर एग्जिट पोल में एक बार फिर BJP के नेतृत्व वाले महायुति की सत्ता में वापसी का अनुमान लगाया गया है। 20 नवंबर को राज्य में एक ही चरण में वोटिंग भी हुई। राज्य में 65.11% मतदान हुआ। महाराष्ट्र का चुनावी रण बेहद ही मजेदार रहा। कई सीटों पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। भंडारा जिले की ऐसी ही एक विधानसभा है साकोली, चौंकाने वाली बात ये है कि 2009 में ये सीट जिस उम्मीदवार ने BJP के टिकट पर जीती थी, उसने 2019 में यही सीट कांग्रेस के टिकट पर भी जीती और इस बार भी वही उम्मीदवार कांग्रेस की ओर से मैदान में हैं।
भंडारा जिले का साकोली विधानसभा क्षेत्र महाराष्ट्र में 2024 के विधानसभा चुनाव में हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है। यहां राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अविनाश ब्राह्मणकर के बीच तनावपूर्ण चुनावी लड़ाई देखने को मिली। पटोले ने पहली बार 2009 में BJP के टिकट पर साकोली से जीत हासिल की थी। इसके बाद, उन्हें 2014 में भंडारा-गोंदिया लोकसभा क्षेत्र से भगवा पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया, जहां से उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल को हराया।
BJP छोड़ कांग्रेस में आए नाना पटोले
हालांकि, किसानों के मुद्दे पर नाना पटोले 2017 में बीजेपी से अलग हो गए। पार्टी छोड़ने से पहले, उन्होंने अकोला में किसानों के अधिकारों के लिए आंदोलन में भाग लिया। पटोले कांग्रेस में शामिल हो गए और उन्हें महाराष्ट्र का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। 2019 में, उन्होंने भंडारा-गोंदिया संसदीय क्षेत्र के एक प्रमुख क्षेत्र साकोली से जीत हासिल की।
2019 में, BJP महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 288 सीटों में से 105 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि उस वक्त की अविभाजित शिवसेना ने 56 सीटें हासिल कीं। कांग्रेस को 44 और NCP को 54 सीटें मिलीं।
वर्तमान महायुति सरकार में BJP, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजीत पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) शामिल हैं। इसका मुकाबला कांग्रेस की MVA, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) और शरद पवार की NCP-SP से है।
साकोली विधानसभा के बारे में
साकोली महाराष्ट्र के 288 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। यह भंडारा जिले में है और इस जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। साकोली भंडारा-गोंदिया लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है, जिसमें भंडारा जिले के भंडारा और तुमसर और गोंदिया जिले के गोंदिया, अर्जुनी मोरगांव और तिरोरा विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हैं।
कैसे रहे पिछले चुनाव के नतीजे?
2009 में साकोली विधान सभा क्षेत्र में कुल 274830 मतदाता थे। कुल वैध वोटों की संख्या 202133 थी। इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नानाभाऊ फाल्गुनराव पटोले (नाना पटोले) जीते और विधायक बने। उन्हें कुल 122168 वोट हासिल हुए। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार वाघाये सेवकभाऊ निर्धन कुल 59253 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे। वे 62915 वोटों से हार गए।
2014 में इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार काशीश्वर राजेश लाहनु जीतकर विधायक बने। उन्हें कुल 80902 वोट मिले। कांग्रेस के उम्मीदवार सेवकभाऊ निर्धन वाघाये कुल 55413 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वे 25489 वोटों से हार गए।
साल 2019 में एक बार फिर नाना पटोले की साकोली में एंट्री हुई, लेकिन इस बार बीजेपी नहीं कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में। उन्हें कुल 95208 वोट मिले और जीत गए। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार डॉ. परिणय रमेश फुके कुल 88968 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे। वे 6240 वोटों से हारे।