मुंबई की मुस्लिम बहुल सीट मानखुर्द शिवाजी नगर विधानसभा क्षेत्र (Mankhurd Shivaji Nagar Assembly constituency) में लंबे समय से प्रतिद्वंद्वी रहे अबू आजमी (Abu Azmi) और नवाब मलिक (Nawab Malik) के बीच बड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। सीट से तीन बार विधायक रहे आजमी समाजवादी पार्टी के टिकट पर लगातार चौथी बार विधायक बनने की उम्मीद कर रहे हैं। वे महा विकास अघाड़ी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसमें कांग्रेस, शरद पवार (Sharad Pawar) के नेतृत्व वाली एनसीपी-एसपी और उद्धव ठाकरे ( Uddhav Thackeray) की शिवसेना (UBT) शामिल हैं। मानखुर्द शिवाजी नगर सीट पर इस बार 22 उम्मीदवार मैदान में हैं।
समाजवादी पार्टी के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाले मलिक ने राज्य में आजमी के नेतृत्व के दौरान 1996 में नेहरू नगर सीट से अपना पहला चुनाव जीता था। हालांकि अब ये सीट खत्म हो चुकी है। वहीं 2001 में पार्टी से निष्कासन के बाद, मलिक तत्कालीन राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में शामिल हो गए थे। उसके बाद उन्होंने 2004 में एक और बार जीत हासिल की। बाद में, मलिक मुंबई की अणुशक्ति नगर सीट (Anushakti Nagar seat) पर चले गए और 2009 और 2019 के चुनावों में जीत हासिल की।
आजमी के अलावा मलिक को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के सुरेश पाटिल से भी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। पाटिल सत्तारूढ़ महायुति के दूसरे उम्मीदवार हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा भी शामिल है। भगवा पार्टी ने पहले कहा था कि वह मलिक का नहीं बल्कि पाटिल का समर्थन करेगी।
2014 और 2019 में आजमी ने हासिल की जीत
बता दें कि 2014 के चुनाव में पाटिल और आजमी ने एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ा था। आजमी ने महज 10,000 वोटों से जीत हासिल की थी। वहीं 2019 में समाजवादी पार्टी के अबू आजमी ने तत्कालीन शिवसेना उम्मीदवार विट्ठल लोखरे को 25,601 वोटों से हरा कर जीत हासिल की थी। गौरतलब है कि 2019 में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान, महाराष्ट्र में भाजपा 288 सीटों में से 105 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी।
उस समय अविभाजित शिवसेना को 56 सीटें मिली थीं। जबकि कांग्रेस और एनसीपी को क्रमशः 44 और 54 सीटें मिली थीं। भाजपा और शिवसेना स्पष्ट बहुमत के बावजूद सरकार नहीं बना सके क्योंकि मुख्यमंत्री पद के मुद्दे पर उनका गठबंधन टूट गया।
इसके परिणामस्वरूप एमवीए (MVA) का गठन हुआ और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाला गठबंधन सत्ता में आया। हालांकि, जून 2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले खेमे द्वारा शिवसेना के खिलाफ विद्रोह करने के बाद सरकार गिर गई। इसके परिणामस्वरूप पार्टी में अभूतपूर्व विभाजन हुआ।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में भी इसी तरह की स्थिति के कारण अजीत पवार को अपने चाचा शरद पवार से नाता तोड़ना पड़ा और सत्तारूढ़ महायुति में शामिल होना पड़ा।
मानखुर्द शिवाजी नगर सीट: मतदान तिथि
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 इस बार 20 नवंबर को होने वाला है। मानखुर्द शिवाजी नगर सहित राज्य की सभी 288 सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा, जिसके बाद 23 नवंबर को नतीजे आएंगे।