Mizoram Assembly Elections 2023: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मिजोरम विधानसभा चुनाव लिए शुक्रवार को 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पार्टी के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। लिस्ट में कुल 40 उम्मीदवारों के नाम हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में भगवा पार्टी ने राज्य की 21 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम जारी किए थे, जहां 7 नवंबर को चुनाव होने हैं। इस लिस्ट में निवर्तमान सदन के अध्यक्ष और हाल ही में सत्तारूढ़ MNF से पार्टी में शामिल हुए कई अन्य लोग शामिल हैं।
बिजनेस स्टैंडर्ड के मुताबिक, BJP के प्रदेश अध्यक्ष वनलालहमुका ने कहा कि पार्टी कांग्रेस को छोड़कर किसी भी अन्य दल के साथ चुनाव के बाद गठबंधन करने से नहीं हिचकिचा रही है। हाल ही में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) छोड़कर BJP में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष लालरिनलियाना सेलो ममित सीट से चुनाव लड़ेंगे।
40 सीटों वाली राज्य विधानसभा में एक ही चरण में मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री जोरमथांगा के नेतृत्व वाली वर्तमान विधानसभा 17 दिसंबर को अपना कार्यकाल समाप्त करने वाली है। मिजो नेशनल फ्रंट के अलावा जोराम पीपल्स मूवमेंट (ZPM), कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य में मुख्य पार्टियां हैं।
जोरामथांगा ने वापसी का दिया दावा
मिजोरम के मुख्यमंत्री एवं सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट के अध्यक्ष जोरमथांगा ने शुक्रवार को विश्वास जताया कि उनकी पार्टी सत्ता बरकरार रखेगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में 25 से अधिक सीट जीतेगी। जोरमथांगा ने आइजोल पूर्वी-1 सीट से अपना नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस के बजाय मुख्य विपक्षी दल जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) MNF के लिए संभावित खतरा है। सीएम ने कहा, "हम मिजोरम में सत्ता बरकरार रखने को लेकर आशान्वित हैं और 25 से अधिक सीट हासिल करेंगे। कई बाधाओं के बावजूद पिछले पांच वर्ष में लोगों ने हमारे कार्यों की सराहना की है।"
साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जोरमथांगा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी,जेडपीएम समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के. सपडांगा को 2,504 मतों के अंतर से हराकर आइजोल पूर्वी-1 सीट पर जीत दर्ज की थी। MNF प्रमुख ने विश्वास जताया कि वह अपनी सीट बरकरार रखेंगे और पिछले विधानसभा चुनावों की तुलना में अधिक मतों के अंतर से जीतेंगे।
ये भी पढ़ें- MP Election 2023: लोकसभा चुनाव से पहले I.N.D.I.A. गठबंधन में दरार! कमलनाथ-अखिलेश के बयान से हलचल तेज
पीटीआई के मुताबिक, सीएम ने कहा कि एमएनएफ केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से जुड़ा हुआ है क्योंकि वह कांग्रेस के साथ काम नहीं करना चाहता। नवंबर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में MNF ने 26 सीट पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद पार्टी ने दो विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल की थी, जिससे उसकी सीट की कुल संख्या बढ़कर 28 हो गई थी।