Sikkim Assembly Election Result 2024: सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) रविवार (2 मई) को प्रचंड जीत के साथ लगातार दूसरी बार सिक्किम में सत्ता में लौटी। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व वाला SKM ने 32 सदस्यीय विधानसभा में 31 सीटों पर शानदार जीत दर्ज कर ली है। तमांग ने रहेनोक सीट पर 7,000 से अधिक मतों से जीत हासिल की। वह सोरेंग चाकुंग निर्वाचन क्षेत्र में भी जीत गए हैं।
चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि 2019 तक राज्य में लगातार 25 साल तक शासन करने वाले सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) ने महज 1 सीट जीती है। SDF अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग दोनों सीटों पर हार गए हैं। उन्होंने दो सीटों पर चुनाव लड़ा था।
सिक्किम में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ था। रविवार को सुबह 6 बजे से मतगणना शुरू हो गई थी। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। चुनाव आयोग के मुताबिक, अब मतगणना समाप्त हो चुका है।
तमांग की पत्नी कृष्णा राय ने नामची-सिंघीथांग सीट जीती
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की पत्नी कृष्णा कुमार राय ने रविवार को नामची-सिंघीथांग निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीत लिया। सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा की उम्मीदवार कृष्णा राय ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) के उम्मीदवार बिमल राय को 5,302 मतों से हराया।
SKM उम्मीदवार को 7,605 वोट मिले, जबकि SDF उम्मीदवार को 2,605 वोट मिले। 'सिटिजन एक्सन पार्टी-सिक्किम' के महेश राय को 136 और भारतीय जनता पार्टी की अरुणा मांगेर को 233 मत मिले। सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) रविवार को लगातार दूसरी बार सिक्किम में सत्ता में लौटी। उसने 32-सदस्यीय विधानसभा में बहुमत हासिल कर लिया।
पूर्व सीएम दोनों सीट से हारे
सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री और सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) सुप्रीमो पवन कुमार चामलिंग रविवार को पोकलोक-कामरंग और नामचेयबुंग विधानसभा सीट हार गए। अधिकारियों ने बताया कि पोकलोक-कामरंग सीट पर चामलिंग सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के उम्मीदवार भोजराज राय से 3,063 मत से हार गए।
अधिकारियों ने बताया कि राय को 8,037 वोट मिले, जबकि चामलिंग को 4,974 वोट मिले। चामलिंग नामचेयबुंग विधानसभा क्षेत्र में एसकेएम उम्मीदवार राजू बसनेत से 2,256 मत से हार गए। बसनेत को 7,195 और चामलिंग को 4,939 मत मिले।