विमानन कंपनी अकासा एयर (Akasa Air) इस दशक के अंत तक शेयर बाजारों में लिस्ट होने का प्लान कर रही है। यह बात एयरलाइन के फाउंडर और सीईओ विनय दुबे (Vinay Dube) ने कही है। अकासा एयर जल्द ही अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर उड़ान भरने के लिए तैयार है। एयरलाइन IPO लाने से पहले थोड़ा और वक्त गुजारना चाहती है। अकासा एयर को अगस्त 2022 में लॉन्च किया गया था। यह पहले से ही मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु और दिल्ली सहित 16 डॉमेस्टिक डेस्टिनेशन में 750 से अधिक साप्ताहिक उड़ानें संचालित करती है। एयरलाइन की योजना इस वित्त वर्ष के अंत तक अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू करने की है। 2027 के मध्य तक अकासा एयर के फ्लीट में 76 एयरक्राफ्ट हो जाएंगे।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दुबे का कहना है कि वर्तमान में अकासा एयर के पास 20 प्लेन्स का फ्लीट है और वह 2023 के अंत से पहले थ्री डिजिट में एयरक्राफ्ट के लिए ऑर्डर देना चाहती है। दुबे ने कहा कि एयरलाइन पहले से ही ऑपरेशंस से मुफ्त नकदी पैदा कर रही है और जो नया विमान ऑर्डर देने जा रही है, उसके लिए उसके पास अच्छा फंड है। मीडियम टर्म के लक्ष्यों के बारे में दुबे ने एक इंटरव्यू में कहा कि 2027 के मध्य तक एयरलाइन के पास 76 एयरक्राफ्ट होने की उम्मीद है। कंपनी का मकसद एक बहुत ही स्वस्थ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और कई बेस के साथ पूरे भारत में पहुंच वाली एयरलाइन बनना है।
निश्चित तौर पर होना चाहते हैं लिस्ट
अकासा एयर की लिस्टिंग को लेकर दुबे ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि 2027 में लिस्टिंग संभव होगी लेकिन लिस्टिंग एक ऐसी चीज है, जिसे हम निश्चित रूप से करना चाहते हैं। एयरलाइन को लिस्ट करने से पहले हमें थोड़ा और अनुभव इकट्ठा करना पड़ सकता है।' यह पूछे जाने पर कि क्या लिस्टिंग इस दशक के अंत से पहले हो सकती है तो दुबे ने कहा कि यह बहुत अधिक 'रियलिस्टिक गोल' है। हाल ही में अकासा एयर को रियाध और जेद्दा (सऊदी अरब), दोहा (कतर) और कुवैत के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान अधिकार प्राप्त हुए हैं। यह जल्द ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करेगी।
दुबे ने कहा, हम ग्रोथ की राह पर हैं। इस कैलेंडर वर्ष के अंत से पहले हमें दो और एयरक्राफ्ट मिलने चाहिए। हम इस वित्त वर्ष से 25 विमानों के साथ बाहर निकलेंगे। वहीं अगले वित्त वर्ष का अंत लगभग 40 एयरक्राफ्ट के साथ करेंगे। दुबे के मुताबिक, एयरलाइन के पास थ्री डिजिट का ऑर्डर देने के लिए पैसा है।
झुनझुनवाला परिवार के एग्जिट को बताया अफवाह
दुबे ने कहा कि हमने झुनझुनवाला परिवार के अकासा एयर छोड़ने की अफवाहें भी सुनी हैं, जो बेतुकी हैं और परिवार का कहना है कि उन्होंने लंबे समय के लिए हमारे साथ निवेश किया है। ताजा आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अकासा एयर ने 5.17 लाख यात्रियों को हवाई सफर कराया है और घरेलू बाजार में इसकी हिस्सेदारी 4.2 प्रतिशत है। जून में एयरलाइन ने 4 अतिरिक्त बोइंग 737-8 जेट के लिए ऑर्डर की घोषणा की थी। यह बोइंग को दिए गए 72 विमानों के ऑर्डर के अतिरिक्त था। 2027 के मध्य तक अकासा एयर के पास कुल मिलाकर 76 विमान होंगे, जिनमें 23 बोइंग 737-8 और 53 बोइंग 737-8-200 रहेंगे।