G20 summit: दिल्ली के फाइव स्टार होटलों में जगह नहीं, किराए में 400% की बढ़ोतरी

राजधानी दिल्ली के ज्यादातर प्रीमियम होटलों में 6 सितंबर से 11 सितंबर तक की बुकिंग पहले से ही फुल है। ली समिट की अवधि के दौरान मीरिडियन में एक कमरे का किराया 60,000 रुपये रोजाना है, जबकि यही रूम अगस्त में 15,000 रुपये से भी कम में उपलब्ध है। थ्री और फोर स्टार होटलों के किराए में भी बढ़ोतरी हुई है

अपडेटेड Aug 18, 2023 पर 3:24 PM
Story continues below Advertisement
18वें जी20 समिट का आयोजन राजधानी दिल्ली स्थित प्रगति मैदान के कन्वेंशन कॉम्प्लेक्स में 9 और 10 सितंबर को होगा।

G20 summit: जी20 शिखर सम्मेलन (G20 leadership summit) की तारीख नजदीक आने के साथ ही राजधानी दिल्ली के सभी फाइव स्टार होटलों में 100% बुकिंग देखने को मिल रही है, जबकि कमरों के किराए में 400 पर्सेंट तक की बढ़ोतरी हुई है। 18वें जी20 समिट का आयोजन राजधानी दिल्ली स्थित प्रगति मैदान के कन्वेंशन कॉम्प्लेक्स में 9 और 10 सितंबर को होगा। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा लेंगे।

होटलों की बुकिंग में भारी बढ़ोतरी

राजधानी दिल्ली के ज्यादातर प्रीमियम होटलों में 6 सितंबर से 11 सितंबर तक की बुकिंग पहले से ही फुल है। इन होटलों में ताजमहल (Taj Mahal), ताज पैलेस (Taj Palace), आईटीसी मौर्या शेरेटन (ITC Maurya Sheraton), ली मेरिडियन (Le Meridien, शांग्रीला (Shangri-La), द ललित (The Lalit), इंपीरियल (Imperial), ओबेरॉय (Oberoi) और लीला (Leela) शामिल हैं। इसके अलावा, द क्लैरिजेज (The Claridges), इरोज (Eros), प्राइड होटल (Pride Hotel) में 8-10 सितंबर के बीच 100% बुकिंग है।

इरोज होटल की सेल्स एंड मार्केटिंग डायरेक्टर रूबीना शर्मा ने बताया, 'जी-20 समिट के दौरान इरोज होटल में 100 पर्सेंट बुकिंग है। प्राइड होटल्स ग्रुप ( Pride Hotels Group) के एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट अतुल उपाध्याय के मुताबिक, जी-20 सम्मेलन की वजह से संबंधित अवधि में होटलों में जबरदस्त बुकिंग देखने को मिल रही है।


फेडरेशन ऑफ एसोसिएशंस इन इंडियन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी के कंसल्टिंग सीईओ (Consulting CEO) आशीष गुप्ता ने बताया, 'जी-20 गतिविधियों की वजह से दिल्ली के होटलों में बुकिंग पहले ही बढ़नी शुरू हो गई है। जी-20 सम्मेलन के दौरान होटलों की बुकिंग में पिछले महीने के मुकाबले 30-50 पर्सेंट की बढ़ोतरी होगी।'

सभी प्रीमियम होटलों में किराए की दरें दोगुनी हो गई हैं, जबकि कई जगहों पर कमरों के किराये में 4 गुना तक की बढ़ोतरी हुई है। ईजमाइट्रिप (EaseMyTrip) के को-फाउंडर और CEO निशांत पित्ति (Nishant Pitti) ने बताया, 'जी-20 की वजह से दिल्ली में होटल ऑक्युपेंसी एक दशक के हाई लेवल (70-72 पर्सेंट) पर है।'

उनके मुताबिक, जी-20 समिट के दौरान तकरीबन सारी बुकिंग फुल हो चुकी है और कुछ प्रीमियम होटलों में काफी कम रूम बचे हैं और इनका किराया भी काफी ज्यादा हो गया है। उदाहरण के तौर पर ली मेरेडियन में एक कमरे का किराया 60,000 रुपये रोजाना है, जबकि यही रूम अगस्त में 15,000 रुपये से भी कम में उपलब्ध है।

थ्री और फोर स्टार होटलों के किराए में भी बढ़ोतरी हुई है। होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (HAI) के सेक्रेटरी जनरल एम पी बेजबरुआ ने बताया, 'यह डिमांड-सप्लाई का मसला है। डिमांग काफी ज्यादा बढ़ गई है, जबकि सप्लाई पहले जैसी है।'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।