दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी एमेजॉन (Amazon) ने मंगलवार 19 सितंबर को बंपर हायरिंग का ऐलान किया है। कंपनी ने कहा कि छुट्टियों के सीजन में आने वाली भारी मांग को मैनेज करने के लिए अमेरिका में 2.5 लाख कर्मचारियों को हायर कर रही है। इसके अलावा इसने वेयरहाउस में काम करने वाले और डिलीवरी कर्मचारियों की औसत प्रति घंटे सैलरी में भी बढ़ोतरी की है। Amazon आम तौर पर हॉलिडे शॉपिंग सीजन के दौरान अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाता है। इनमें अस्थायी कर्मचारियों की संख्या अधिक रहती है। कंपनी ऐसा हॉलिडे सीजन के दौरान मांग में आए उछाल को बेहतर ढंग से पूरा करने के लिए करती है।
हालांकि Amazon इस बार हॉलिडे सीजन के दौरान कंपनी पिछले साल के मुकाबले कहीं अधिक शॉपिंग कर रही है। पिछले साल कंपनी ने कहा था कि वह हॉलिडे सीजन के दौरान करीब 150,000 लोगों को अपने स्टाफ में जोड़ेगी।
Amazon ने बताया कि इस हायरिंग में फुल-टाइम, पार्ट-टाइम, सीजनल वेयरहाउस और डिलीवरी एंप्लॉयी सभी शामिल है। इन पदों के घंटे के हिसाब से मिलने वाला मेहनताना 17 से 28 डॉलर के बीच होता है। इसके अलावा कंपनी कई लोकेशन पर कर्मचारियों को ज्वाइनिंग बोनस के तौर पर 1,000 से 3,000 दे रही है।
कंपनी ने कहा कि वेयरहाउस और डिलीवरी कर्मचारी अब प्रति घंटे औसतन 19 डॉलर की जगह 20.50 डॉलर प्रति घंटा कमाएंगे। Amazon ने इससे पहले पिछले सप्ताह अपने डिलीवरी ड्राइवर की सैलरी में भी बढ़ोतरी का ऐलान किया था। एमेजॉन ने कहा कि वेतन में हालिया बढ़ोतरी के बाद कई लोकेशन पर अब कर्मचारियों को प्रति घंटे 28 डॉलर तक भुगतान किया जा रहा है।
वॉलमार्ट के बाद Amazon, अमेरिका की दूसरी सबसे बड़ी एंप्लॉयर है। जून तिमाही तक के आंकड़े के मुताबिक, एमेजॉन के दुनिया भर में करीब 14.6 लाख कर्मचारी थे।