Amazon की Audible भी कर रही छंटनी, 5% कर्मचारियों की जाने वाली है नौकरी

Google, IT कंपनी जेरॉक्स, वीडियो गेम सॉफ्टवेयर प्रोवाइडर यूनिटी सॉफ्टवेयर सहित कई दूसरी कंपनियों ने भी हाल के दिनों में छंटनी की घोषणा की है। Amazon जैसी टेक कंपनियों ने महामारी के दौरान नियुक्तियां बढ़ा दी थीं, लेकिन महंगाई और ब्याज दरें बढ़ने के कारण उन्होंने लागत में कटौती करना शुरू कर दिया। ऑडिबल में छंटनी से प्रभावित होने वाले कर्मचारियों की संख्या सामने नहीं आई है

अपडेटेड Jan 12, 2024 पर 8:00 AM
ऑडिबल को 2008 में Amazon ने लगभग 30 करोड़ डॉलर में खरीदा था.

ऑनलाइन ऑडियोबुक और पॉडकास्ट सर्विस 'ऑडिबल' (Audible) अपने लगभग 5% कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। ऑडिबल का मालिकाना हक Amazon के पास है। यह Amazon के कारोबारों में छंटनी का तीसरा राउंड है। कर्मचारियों को भेजे गए एक मेमो में ऑडिबल के सीईओ बॉब कैरिगन ने कहा कि कंपनी अच्छी स्थिति में है, लेकिन तेजी से चुनौतीपूर्ण हो रहे परिदृश्य का सामना कर रही है। ऑडिबल में छंटनी से प्रभावित होने वाले कर्मचारियों की संख्या सामने नहीं आई है।

कैरिगन ने कहा, "हमने बिना सोचे-समझे यह रास्ता नहीं चुना। दुनिया भर में अपने ग्राहकों को सर्वोत्तम श्रेणी की ऑडियो स्टोरीटेलिंग डिलीवर करना जारी रखने के लिए हमें अभी और निकट भविष्य में काम करने के लिए अधिक कुशल बनने की जरूरत होगी।"

प्राइम वीडियो और MGM Studios यूनिट में भी छंटनी


इससे पहले Amazon की प्राइम वीडियो और MGM Studios यूनिट में छंटनी की घोषणा की गई थी। इसके चलते सैकड़ों कर्मचारियों की नौकरी जा रही है। इस सप्ताह की शुरुआत में Amazon के मालिकाना हक वाले स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ट्विच ने भी कहा था कि वह लागत बचाने और अधिक प्रॉफिटेबल बनने के लिए 500 से अधिक नौकरियों में कटौती कर रहा है।

2008 में Amazon ने खरीदी थी ऑडिबल

ऑडिबल को 2008 में Amazon ने लगभग 30 करोड़ डॉलर में खरीदा था और यह ऑडियो बुक्स, मेडिटेशन प्रोग्राम्स और पॉडकास्ट की एक टॉप डिस्ट्रीब्यूटर और प्रोड्यूसर है। Amazon जैसी टेक कंपनियों ने महामारी के दौरान नियुक्तियां बढ़ा दी थीं, लेकिन महंगाई और ब्याज दरें बढ़ने के कारण उन्होंने लागत में कटौती करना शुरू कर दिया और उनका ध्यान प्रॉफिटेबिलिटी पर केंद्रित हो गया।

Google से निकाले जा रहे हैं सैकड़ों कर्मचारी, क्या भारत में भी गिरेगी गाज?

इसके अलावा सोशल मीडिया कंपनी डिस्कॉर्ड की ओर से भी कहा गया है कि वह अपने 17% कर्मचारियों या 170 कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। Google, IT कंपनी जेरॉक्स, वीडियो गेम सॉफ्टवेयर प्रोवाइडर यूनिटी सॉफ्टवेयर सहित कई दूसरी कंपनियों ने भी हाल के दिनों में छंटनी की घोषणा की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।