नीति आयोग के पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) अमिताभ कांत (Amitabh Kant New Sherpa Of G-20) G-20 के नए शेरपा (Sherpa) होंगे। कांत केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) का स्थान लेंगे। भारत इस साल G-20 की अध्यक्षता संभालने वाला है, ऐसे में पूर्णकालिक शेरपा की जरूरत है।
एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि भारत इस साल जी-20 का अध्यक्ष बनने वाला है। ऐसे में शेरपा को देश के विभिन्न भागों में होने वाली कई बैठकों में शामिल होने की जरूरत है।
सूत्र ने आगे कहा कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के पास नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में कई विभाग हैं। उन्हें इसके लिए भी काफी समय चाहिए। ऐसे में उनके लिए शेरपा की भूमिका निभाना कठिन है।
पीयूष गोयल राज्यसभा में सदन के नेता समेत अन्य भूमिका भी निभा रहे हैं। कांत लगभग छह साल नीति आयोग के सीईओ रहे और पिछले महीने अपना विस्तारित कार्यकाल पूरा किया।
इससे पहले, केरल कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी डिपार्टमेंट ऑफ इंडस्ट्रियल पॉलिसी एंड प्रमोशन (DIPP) में सचिव थे।