भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने वित्त वर्ष 2021-22 में 1,159 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स चुकाया है। जो कि पिछले साल चुकाए गए इनकम टैक्स से लगभग 37 फीसदी ज्यादा है। इस बारे में खुद सरकार ने राज्यसभा में खुलासा किया है। राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पिछले पांच वर्षों में दायर रिटर्न के आधार पर बीसीसीआई के आयकर भुगतान और उसकी आय और व्यय का विस्तृत विवरण दिया।
BCCI ने दिया इतना इनकम टैक्स
फाइनेंशियल ईयर 2020-21 के दौरान, बीसीसीआई ने इनकम टैक्स के तौर पर 844.92 करोड़ रुपये का भुगतान किया था जो कि साल 2019-20 में भुगतान किए गए 882.29 करोड़ रुपये से कम है। वहीं फाइनेंशियल ईयर 2019 में, बोर्ड ने टैक्स के तौर पर 815.08 करोड़ रुपये का भुगतान किया था जो कि साल 2017-18 में भुगतान किए गए 596.63 करोड़ रुपये से अधिक है। फाइनेंशियल ईयर 2021-22 में बीसीसीआई ने 7,606 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया था, जबकि उसका खर्च 3,064 करोड़ रुपये के करीब रहा था। 2020-21 में इसकी आय 4,735 करोड़ रुपये और खर्च 3,080 करोड़ रुपये रहा था।
BCCI की मेजबानी में आयोजित होगा वर्ल्ड कप
BCCI आईसीसी के साथ मिलकर वनडे विश्व कप के संशोधित कार्यक्रम पर काम कर रहा है। टूर्नामेंट 5 अक्टूबर से शुरू होने वाला है और कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। हालांकि, बीसीसीआई को प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 15 अक्टूबर को भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला रखने से बचने के लिए कहा गया था, क्योंकि यह उसी दिन होगा जब नवरात्रि उत्सव की शुरुआत होगी। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत की मेजबानी में हो रहा वर्ल्ड कप
साल 2023 का वर्ल्ड कप भारत की मेजबानी में खेला जाना है। इससे पहले साल 2011 का वर्ल्ड कप भी भारत की ही मेजबानी में खेला गया था। उस वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने श्रीलंका को हरा कर खिताब अपने नाम किया था और विश्वविजेता बनी थी।