अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप सोमवार, 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेने वाले हैं। इससे पहले शुक्रवार की सुबह क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन की कीमत फिर से 100,000 अमेरिकी डॉलर के पार पहुंच गई। कुछ साल पहले तक बिटकॉइन को एक तरह का स्कैम कहने वाले ट्रंप ने अब डिजिटल करेंसीज को अपना लिया है। उन्होंने एक नया क्रिप्टोकरेंसी वेंचर शुरू किया है और अपने राष्ट्रपति पद के शुरुआती दौर में ही अमेरिका को दुनिया की "क्रिप्टो राजधानी" बनाने के लिए कदम उठाने की कसम खाई है।
उनके वादों में यूएस क्रिप्टो स्टॉकपाइल बनाना, क्रिप्टो इंडस्ट्री के अनुकूल रेगुलेशंस लागू करना आदि शामिल है। क्रिप्टो उद्योग के अमीर लोगों ने नवंबर 2024 में अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप को जीतने में मदद करने के लिए भारी खर्च किया।
दिसंबर में पहली बार गया था 1 लाख डॉलर के पार
ट्रंप की जीत के बाद से बिटकॉइन की कीमत में उछाल आया है। यह दिसंबर महीने में पहली बार 100,000 अमेरिकी डॉलर से ऊपर गया। हालांकि इस सप्ताह की शुरुआत में कुछ समय के लिए यह गिरकर लगभग 90,000 अमेरिकी डॉलर पर आ गया। दो साल पहले, बिटकॉइन लगभग 20,000 अमेरिकी डॉलर पर कारोबार कर रहा था। एसोसिएटेड प्रेस की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कॉइनडेस्क के अनुसार, शुक्रवार को बिटकॉइन लगभग 5 प्रतिशत बढ़कर लगभग 104,000 अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया।
ट्रंप पहले 100 दिनों के अंदर बनाएंगे क्रिप्टो पर विशेष सलाहकार परिषद
ट्रंप ने चुनाव के दौरान वादा किया था कि वह अपने राष्ट्रपति पद के पहले 100 दिनों के अंदर क्रिप्टो को लेकर स्पष्ट और सीधे नियम बनाने पर गाइडेंस देने के लिए एक विशेष सलाहकार परिषद बनाएंगे। परिषद और इसकी सदस्यता के बारे में डिटेल्स अभी भी स्पष्ट नहीं है। ट्रंप ने दिसंबर के अंत में यह भी घोषणा की कि उत्तरी कैरोलिना से कांग्रेस के पूर्व उम्मीदवार बो हिंस, डिजिटल एसेट्स के लिए सलाहकारों की राष्ट्रपति परिषद के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर होंगे।
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी वादा किया है कि राष्ट्रपति के रूप में वह यह सुनिश्चित करेंगे कि अमेरिकी सरकार बिटकॉइन का स्ट्रैटेजिक रिजर्व बनाए, जैसा कि वह सोने के लिए बनाए हुए है। इस रिजर्व की शुरुआती होल्डिंग्स में अपराधियों से जब्त किए गए बिटकॉइन शामिल हो सकते हैं, जो वर्तमान कीमतों पर लगभग 21 अरब डॉलर मूल्य के लगभग 200,000 टोकन का भंडार है।