बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda-BoB) ने 60 से अधिक एंप्लॉयीज को सस्पेंड कर दिया है। इसमें से 11 तो एजीएम (असिस्टेंट जनरल मैनेजर्स) हैं। मनीकंट्रोल को यह जानकारी सूत्रों के हवाले से मिली है। बैंक के एक एंप्लॉयी ने बताया कि एजीएम लेवल के अधिकारी स्केल 5 के अधिकारी होते हैं जो आमतौर पर एरिया मैनेजर, जोनल हेड और 25 से अधिक ब्रांचों के हेड की कमान संभालते हैं। यह मामला बैंक के BoB World ऐप की ऑडिटिंग से जुड़ा हुआ है। सस्पेंशन लेटर में बैंक ने यह माना है कि गंभीर रूप से अनियमितताएं हुई हैं। कुछ एंप्लॉयीज ने अपने कार्यकाल के दौरान ग्राहकों के खाते में नंबर फीड किया और उसके बाद बीओबी वर्ल्ड ऐप में रजिस्ट्रेशन-डीरजिस्ट्रेशन किया और यह सब ग्राहकों की सहमति के बिना हुआ।
विभागीय जांच के बाद हुई कार्रवाई, अधितर वडोदरा से
बैंक का कहना है कि पहली नजर में कुछ एंप्लॉयीज ने जो किया, वह कमीशन और चूक का मामला लग रहा था जिसके लिए विभागीय जांच की जरूरत महसूस हुई। विभागीय जांच के बाद यह निष्कर्ष निकला कि जिन एंप्लॉयीज ने अनियमितताएं की हैं, उन्हें सस्पेंड करना ही उचित है। एक सूत्र ने मनीकंट्रोल को बताया कि जितने एंप्लॉयीज सस्पेंड हुए हैं, उनमें से अधिकतर वडोदरा क्षेत्र से हैं। बैंक अब ऐसी ही कार्रवाई लखनऊ, भोपाल, राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जोन में भी जारी कर सकता है।
जब तक सस्पेंड, एक तिहाई ही मिलेगी सैलरी
बैंक ने 11 एजीएम समेत 60 से अधिक एंप्लॉयीज को सस्पेंड किया है। एक सूत्र मे मनीकंट्रोल को बताया कि सस्पेंशन पीरियड के दौरान सिर्फ एक तिहाई सैलरी ही मिलेगी। सस्पेंड हुए एंप्लॉयी ने बताया कि अगर बैंक दोषी पाती है तो उसे सजा वाली पोस्टिंग मिल सकती है या नौकरी भी जा सकती है। वहीं अगर दोषी नहीं पाए जाते हैं तो बैंक सप्सपेंशन पीरियड के लिए मुआवजा वेतन देगी।
दो हफ्ते में RBI के पास रिपोर्ट भेजेगा Bank of Baroda
दो दिन पहले 16 अक्टूबर को मनीकंट्रोल ने जानकारी दी थी बैंक ऑफ बड़ौदा जल्द ही अगले दो हफ्ते में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को वर्ल्ड ऐप के ऑडिट के आधार पर एक रिपोर्ट दाखिल कर सकता है। बैंक के एक अधिकारी के मुताबिक RBI ने बीओबी वर्ल्ड ऐप पर नए ग्राहकों को जोड़ने पर रोक लगा दिया है तो अब ऐसे में सुधार अभियान चलाया जा रहा है और दो हफ्ते में आरबीआई को रिपोर्ट भेजी जा सकती है। केंद्रीय बैंक RBI ने 10 अक्टूबर को बैंक ऑफ बड़ौदा को BoB World पर नए ग्राहक जोड़ने से रोक लगा दिया था। यह बैंक का डिजिटल बैंकिंग एप्लीकेशन है।