यूनियन बजट 2023- बजट के बाद आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ सकता है। ऐसा हम इसलिए कह रहे है क्योंकि 1 फरवरी को पेश होने वाले बजट में सरकार फूड, फर्टिलाइजर और फ्यूल सब्सिडी में कटौती कर सकती है। सीएनबीसी -आवाज के चीफ इकोनॉमी एडिटर लक्ष्मण रॉय ने इस खबर पर विस्तार से बात करते हुए कहा कि सरकार फूड सब्सिडी में कटौती कर सकती है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को बंद करने से फूड सब्सिडी पर खर्च कम हो सकता है। इसके साथ ही फर्टिलाइजर सब्सिडी में भी कटौती हो सकती है। नेचुरल गैस और कच्चे माल की कीमत में कटौती का असर है। इतना ही नहीं, लागत कम होने की वजह से एलपीजी सब्सिडी में भी कमी होने की संभावना है। इससे फिस्कल डेफिसिट को काबू में रखने में मदद मिलेगी।
फर्टिलाइजर सब्सिडी में क्या बदलाव संभव?
बता दें कि मौजूदा कारोबारी साल में फर्टिलाइजर सब्सिडी करीब 2.2 लाख करोड़ रुपये है। जिसे अगले साल के लिए करीब 1.2 से 1.5 लाख करोड़ रुपये फर्टिलाइजर सब्सिडी किए जाने की संभावना है। चालू कारोबारी साल के मुकाबले कम सब्सिडी मुमकिन है। चालू कारोबारी साल में फूड सब्सिडी 2.7 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है जबकि अगले कारोबारी साल के लिए करीब 2 लाख करोड़ का आवंटन हो सकता है। नई घोषणा से 15 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।