Budget 2023: शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक Sensex और Nifty ने ऊंचाई के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। हालांकि, दुनिया के दूसरे शेयर बाजार दबाव में हैं। जियोपॉलिटकल घटनाओं (Geopolitical Events) के साथ ही केंद्रीय बैंकों के लगातार इंटरेस्ट रेट बढ़ाने से स्टॉक मार्केट में सेंटिमेंट कमजोर है। इधर, इंडिया में सेंटिमेंट मजबूत होने से कुछ खास सेक्टर में अच्छी तेजी दिख रही है। इनमें फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस, रियल एस्टेट, मेटल और ऑयल एंड गैस सेक्टर शामिल हैं। इस तेजी में कुछ ही कंपनियों के शेयरों की ज्यादा हिस्सेदारी है। पिछले दो महीनों में Sensex और Nifty में करीब 9-9 फीसदी की तेजी आई है। इस अवधि में BSE Metal Index का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है। यह 15 फीसदी चढ़ा है। इसके बाद Oil & Gas और Realty Index में 10 से 15 फीसदी की तेजी आई है।
