Union Budget 2023: स्टार्टअप्स के लिए साल 2022 पूंजी जुटाने के लिहाज से अच्छा नहीं रहा। PwC India की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2021 के मुकाबले पिछले साल स्टार्टअप्स ने 33 फीसदी कम पूंजी जुटाई। यह रिपोर्ट 16 जनवरी को आई है। सरकार ने स्टार्टअप्स की ग्रोथ के लिए कई कदम उठाए हैं। लेकिन, इसे अब भी सरकार के सपोर्ट की जरूरत है। पूंजी की पर्याप्त उपलब्धता के साथ ही इनसेंटिव और टैक्स छूट से यह सेक्टर तेजी से आगे बढ़ेगा। इस सेक्टर को उम्मीद है कि सरकार यूनियन बजट 2023 (Budget 2023) में स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए बड़े उपाय करेगी। फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी को यूनियन बजट पेश करेंगी। यह 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले मोदी सरकार का अंतिम पूर्ण बजट होगा।
