Budget 2024 : खेल से जुड़ी संस्थाओं और खिलाड़ियों को 1 फरवरी, 2024 को पेश होने वाले यूनियन बजट (Union Budget 2024) से काफी उम्मीदें हैं। पिछले 9 साल में खेल मंत्रालय का बजट तीन गुना हो गया है। खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। खेल के लिए बजट आवंटन बढ़ने का फायदा देखने को मिला है। ओलंपिक्स से लेकर एशियाई खेलों तक में भारतीय खिलाड़ियों के मेडल की संख्या बढ़ी है। इसलिए यूनियन बजट 2024 में खेल के लिए आवंटन बढ़ने की उम्मीद है। वित्तमंत्री Nirmala Sitharaman 1 फरवरी, 2024 को यूनियन बजट पेश करेंगी। यह अंतरिम बजट होगा।
इस वित्त वर्ष में मंत्रालय के मिले 3397 करोड़
सरकार ने वित्त वर्ष 2023-24 के बजट में युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के लिए 3,397.32 करोड़ रुपये का आवंटन किया था। यह वित्त वर्ष 2022-23 के 3,062 करोड़ रुपये के आवंटन से 11 फीसदी ज्यादा था। वित्त वर्ष 2004-05 में इस मंत्रालय का बजट 466 करोड़ रुपये था। 2010 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद इस वित्त वर्ष का बजट आवंटन सबसे ज्यादा है। यह वित्त वर्ष 2011-12 के बजट के तीन गुना से ज्यादा है और वित्त वर्ष 2014-15 के बजट से करीब दोगुना है। इस वित्त वर्ष में डिपार्टमेंट ऑफ स्पोर्ट्स को 2,462.59 करोड़ रुपये मिला था। वित्त वर्ष 2022-23 में यह आवंटन 2,254 करोड़ रुपये था। इस वित्त वर्ष में डिपार्टमेंट ऑफ यूथ अफेयर्स को 934.73 करोड़ रुपये मिला। वित्त वर्ष 2022-23 में यह आवंटन 808.60 करोड़ रुपये था।
खेलो इंडिया पर सरकार का फोकस
इस वित्त वर्ष के लिए आवंटित बजट में खेलो इंडिया की हिस्सेदारी 1,045 करोड़ रुपये, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) की 785.52 करोड़ रुपये, नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन और नेशनल सर्विस स्कीम में से प्रत्येक की 325 करोड़ रुपये है। नेशनल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फंड के लिए 15 करोड़ रुपये का आवंटन शामिल है। खेलो इंडिया का बजट 439 करोड़ रुपये बढ़ा है। यह डिपार्टमेंट के कुल आवंटन का एक तिहाई है। नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन को 325 करोड़ रुपये मिले हैं। यह पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 45 करोड़ रुपये ज्यादा है।
खिलाड़ियों की वैज्ञानिक ट्रेनिंग बढ़ाने के उपाय
नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी को इस वित्त वर्ष के लिए 21.73 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। नेशनल डोप टेस्टिंग लेबोरेट्री को 19.50 करोड़ रुपये दिए गए हैं। नेशनल सेंटर ऑफ स्पोर्ट्स एंड रिसर्च के लिए 13 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे स्पोर्ट्स साइंस और खिलाड़ियों की साइंटिफिक ट्रेनिंग पर फोकस बढ़ाने में मदद मिलेगी। यूनियन बजट 2023 के ऐलान के बाद अनुराग ठाकुर ने स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता की तारीफ की थी।