इस महीने की 23 तारीख को पेश होने वाले बजट का असर न सिर्फ इकोनॉमी बल्कि स्टॉक मार्केट्स पर भी पड़ेगा। ब्रोकरेज फर्म एक्सिस सिक्योरिटीज का कहना है कि इस बजट में सरकार का फोकस 'विकसित भारत' पर दिख सकता है। केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार ने भारत को 2047 तक विकसित देश बनाने का टारगेट रखा है। एक्सिस सिक्योरिटीज पीएमएस ने अपनी रिपोर्ट में कहा है केंद्र की नई एनडीए सरकार का फोकस समाज के सबसे निचले तबके पर हो सकता है। साथ ही सरकार पूंजीगत खर्च पर भी अपना फोकस बनाए रखेगी।
ग्रामीण इलाकों पर फोकस बढ़ाने के साथ सरकार पूंजीगत खर्च बढ़ा सकती है
एक्सिस सिक्योरिटीज पीएमएस के चीफ इनवेस्टमेंट अफसर नवीन कुलकर्णी ने कहा कि ऐसा लगता है कि बजट में सरकार की कोशिश ग्रामीण इलाकों और पूंजीगत खर्च के बीच संतुलन बनाने की होगी। इस बीच, स्टॉक मार्केट की नजरें बजट में कैपिटल गेंस टैक्स पर होगी। अगर बजट मार्केट की उम्मीदों से उलट रहता है तो शॉर्ट टर्म में मार्केट में गिरावट दिख सकती है। एक्सिस सिक्योरिटीज ने ने कहा है कि ऐसा होने के आसार कम हैं।
इन स्टॉक्स में बजट के ऐलान से दिख सकती है तेजी
एक्सिस सिक्योरिटीज ने कहा है कि बजट में होने वाले ऐलान का असर जिन कंपनियों के शेयरों पर दिख सकता है, उनमें HeroMotocorp, Ultratech Cement, Nestle, NTPC, Praj Industries, Inox Wind, J Kumar Infra, Ahluwalia Contracts और V Mart शामिल हैं। एक्सिस का यह भी कहना है कि ग्रामीण इलाकों पर सरकार के फोकस का फायदा M&M को मिल सकता है। डिफेंस पर सरकार के फोकस से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में तेजी दिख सकती है।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस बढ़ने से इन शेयरों में आएगी तेजी
ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि पूंजीगत खर्च में इजाफा होने का फायदा बैंकिंग शेयरों पर दिख सकता है। हाउसिंग पर फोकस बढ़ने का फायदा Aavas, Aptus और India Shelter जैसी कंपनियों के शेयरों पर दिख सकता है। इंफ्रास्ट्रक्चर में उसने KNR Constructions, PNC Infratech, Rites, KEC International, J Kumar Infraprojects को अपनी पंसद बताया है।
सबसे ज्यादा बार बजट पेश करने वाली वित्तमंत्री बन जाएंगी सीतारमण
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के नाम 23 जुलाई को एक रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा। वह लगातार सात बार यूनियन बजट पेश करने वाली वित्तमंत्री बन जाएंगी। अभी सबसे ज्यादा छह बार यूनियन बजट पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने पेश किया है। सीतारमण भी छह बार बजट पेश कर चुकी हैं। सातवां बजट पेश करने के साथ ही वह सबसे ज्यादा बार बजट पेश करने वाली देश की वित्तमंत्री बन जाएंगी। पहली बार उन्होंने 2029 में बजट पेश किया था।