Budget 2024 : लाइफ इंश्योरेंस इंडस्ट्री के लिए साल 2023 काफी अहम रहा। साल की शुरुआत में बजट पेश हुआ, जिसमें शामिल कुछ ऐलान से लाइफ इंश्योरेंस इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा। वित्तमंत्री Nirmala Sitharaman ने 5 लाख रुपये से ज्यादा सालाना प्रीमियम वाली ट्रेडिशनल पॉलिसी की मैच्योरिटी पर टैक्स-छूट खत्म करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि टैक्स के नए नियम 1 अप्रैल, 2023 और इसके बाद खरीदी जानी वाली पॉलिसी पर लागू होंगे। इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (IRDAI) ने पिछले साल कई रिफॉर्म्स के ऐलान किए। इनमें एक्सपेंसेज ऑफ मैनेजमेंट (EoM) और कमीशन पेमेंट के रूल शामिल थे। बीमा सुगम के प्लान पर काम शुरू हो गया। यह इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स की बिक्री के लिए पूरी इंडस्ट्री के लिए एक प्लेटफॉर्म होगा। इस प्लेटफॉर्म के जरिए पॉलिसी खरीदने और बेचने के साथ ही उनकी सर्विसिंग भी की जा सकेगी। यह इंश्योरेंस इंडस्ट्री के लिए वैसा ही होगा जैसा पेमेंट के लिए UPI है।
