Budget 2024: बजट सत्र से पहले सरकार ने 30 जनवरी को बुलाई सर्वदलीय बैठक

Budget 2024: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में 1 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 का अंतरिम बजट पेश करेंगी। यह उनका छठा बजट होगा। पूर्ण बजट लोकसभा चुनावों के बाद नई सरकार के गठन के बाद पेश किया जाएगा। पिछले दिनों निर्मला सीतारमण ने कहा था कि आने वाला बजट आम चुनाव से पहले केवल 'वोट ऑन अकाउंट' होगा। मोदी सरकार इस बार के बजट में कुछ लोकलुभावन घोषणा कर सकती है

अपडेटेड Jan 29, 2024 पर 2:04 PM
Story continues below Advertisement
Budget 2024: बजट सत्र 31 जनवरी को शुरू होकर 9 फरवरी को समाप्त होगा

Budget Session 2024: केंद्र सरकार ने बजट सत्र से पहले मंगलवार 30 जनवरी को संसद में सभी दलों के नेताओं की सर्वदलीय बैठक बुलाई है। हर सत्र से पहले यह एक तरह की पारंपरिक बैठक होती है। बैठक में विभिन्न दलों के नेता उन मुद्दों को सामने रखते हैं जिन्हें वे संसद में उठाना चाहते हैं। साथ ही सरकार उन्हें अपने एजेंडे के बारे में जानकारी प्रदान करती है तथा उनका सहयोग मांगती है। 31 जनवरी से शुरू होने वाले सत्र में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी को अंतरिम बजट (Interim Budget 2024) पेश करेंगी।

लोकसभा चुनाव से पहले यह बजट सत्र 31 जनवरी को शुरू होकर 9 फरवरी को समाप्त होगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा चुनाव से पहले अंतरिम बजट पेश करेंगी। चुनाव के बाद नई सरकार पूर्ण बजट पेश करेगी। बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन से होगी।

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने संसद के आगामी बजट सत्र के लिए मंच तैयार करते हुए 30 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाने की पहल की है। इस सत्र-पूर्व मीटिंग का उद्देश्य विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है, जिससे महत्वपूर्ण बजट सत्र के दौरान व्यापक और उत्पादक चर्चा सुनिश्चित हो सके।


ये भी पढ़ें- Budget 2024 : अगले वित्त वर्ष के लिए फिस्कल डेफिसिट का 5.3% टारगेट तय कर सकती हैं वित्तमंत्री, इकोनॉमिस्ट्स की राय

अंतरिम बजट से तात्पर्य सरकार के उस बजट से है जो ट्रांजिशन पीरियड से गुजर रही है। यह एक अस्थायी वित्तीय बजट होता है। अंतरिम बजट तब तक मान्य होता है, जब तक नई सरकार शासन नहीं संभाल लेती है। सीधे शब्दों में कहें तो चुनावी साल में पेश किए जाने वाले बजट को अंतरिम बजट कहा जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।