Budget 2024 : सरकार पीएम किसान सम्मान निधि में पैसा बढ़ा सकती है। इससे करोड़ों किसानों को फायदा होगा। अभी इस स्कीम में किसान को एक वित्त वर्ष में सरकार की तरफ से 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस अमाउंट को बढ़ाकर सालाना 8,000 रुपये किया जा सकता है। CNBC-TV18 ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। सरकार पीएम गरीब कल्याण योजना के प्रावधान में भी बदलाव करने के बारे में सोच रही है। सूत्रों ने बताया है कि इस बारे में अंतिम फैसला जल्द होने की उम्मीद है। पीएम किसान सम्मान निधि केंद्र सरकार की स्कीम है। इस स्कीम का ऐलान 2019 के अंतरिम बजट में हुआ था। सरकार के इस स्कीम की 16वीं किस्त इस साल फरवरी से मार्च के बीच जारी करने की उम्मीद है। इस बारे में अभी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
बजट 2024 के बाद जारी होगी पीएम किसान योजना की नई किस्त
सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि की 15वीं किस्त का ऐलान 15 नवंबर, 2023 को किया था। सूत्रों का कहना है कि सरकार अंतरिम बजट 2024 में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों, किसानों, युवाओं और महिलाओं की मदद के लिए नए उपायों के ऐलान के बारे में सोच रही है। सूत्रों का कहना है कि सरकार माइक्रो, स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज (MSMEs) के लिए भी स्कीम का ऐलान करने के बारे में सोच रही है। हालांकि, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने 7 दिसंबर को एक कार्यक्रम में कहा था कि अंतरिम बजट सिर्फ वोट-ऑन-अकाउंट होगा। इसमें बड़े ऐलान नहीं होंगे।
बजट 2024 पेश होने के 4 महीने बाद आएगा पूर्ण बजट
संविधान के आर्टिकल 116 के मुताबिक, वोट-ऑन-अकाउंट सरकार को कंसॉलिडेटेड फंड ऑफ इंडिया से अपने खर्च के लिए अग्रिम इजाजत देने की एक व्यवस्था है। अंतरिम बजट में नए ऐलान नहीं करने की परंपरा रही है। लोकसभा चुनावों के बाद जो नई सरकार बनती है वह पूर्ण बजट पेश करती है। वह पूर्ण बजट में बड़े ऐलान करने के लिए आजाद है। 2019 में ऐसा हुआ था। तब 1 फरवरी को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अंतरिम बजट पेश किया था। लोकसभा चुनावों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने निर्मला सीतारमण को वित्तमंत्री बनाया था। उन्होंने 5 जुलाई को पूर्ण बजट पेश किया था।