बजट के दिन आज शेयर बाजार में बनेगा पैसा या होगा नुकसान?

Budget day Share Market History: पिछले 10 सालों में केंद्र सरकार ने 2 अंतरिम बजट सहित कुल 12 बार बजट पेश किया है। इन 12 में 6 मौकों पर शेयर बाजार बजट के दिन गिरा है। जबकि 6 बार यह बजट के दिन उठा है

अपडेटेड Feb 01, 2023 पर 11:23 AM
Story continues below Advertisement
शेयर बाजार ने पिछले 10 सालों में बजट के दिन सबसे अच्छी प्रतिक्रिया 2021 में दी है

Uninon Budget 2022-23: बजट के दिन शेयर बाजार का प्रदर्शन पिछले कई सालों से मिला-जुला रहा है। पिछले 10 सालों में केंद्र सरकार ने 12 बार बजट पेश किया है। इसमें 2 अंतरिम बजट शामिल है। इन 12 में 6 मौकों पर शेयर बाजार बजट के दिन गिरा है। जबकि 6 बार यह बजट के दिन चढ़ा है। बजट के दिन शेयर बाजार की प्रतिक्रिया को अहम माना जाता है। इससे यह संकेत मिलता कि सरकार के ऐलानों को बाजार या कॉरपोरेट जगत कैसे देख रहा है। बता दें कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को लोकसभा में यूनियन बजट 2023-24 पेश करेंगी।

2021 में बजट के दिन बना था रिकॉर्ड

शेयर बाजार ने पिछले 10 सालों में बजट के दिन सबसे ज्यादा प्रतिक्रिया 2021 में दी थी। 1 फरवरी 2021 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पेश करने के बाद सेंसेक्स 2,314.84 अंक (5%) के भारी उछाल के साथ बंद हुआ था। निफ्टी भी उस दिन 646.60 अंक या 4.74 फीसदी चढ़कर बंद हुआ था। यह बजट के दिन सेंसेक्स-निफ्टी में आई अब तक की सबसे अधिक तेजी है। 2021 के बजट में वित्त मंत्री ने कोरोना महामारी के बाद देश की आर्थिक रफ्तार को गति देने के लिए कई स्कीमों का ऐलान किया था। जिस पर शेयर बाजार में झूमा था।

पिछले साल कैसा रहा था प्रदर्शन?


पिछले साल भी बजट के दिन यानी 1 फरवरी 2022 को शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुए थे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के ऐलानों के बाद सेंसेक्स में जहां 813 अंक (1.46%) का उछाल आया था, वहीं निफ्टी 237 अंक (1.4%) चढ़कर बंद हुआ था। अगर इस साल भी बजट के दिन शेयर बाजार में तेजी आती है, तो यह लगातार तीसरा साल होगा, जब शेयर बाजार बजट के दिन बढ़त के साथ बंद होगा।

यह भी पढ़ें- Stocks in news: बजट के दिन ये शेयर दिखाएंगे कमाल, इन पर बनी रहे नजर

निर्मला सीतारमण के पहले बजट के दिन कैसा रहा प्रदर्शन?

वित्त मंत्री बनने के बाद निर्मला सीतारमण ने अपना पहला बजट 5 जुलाई 2019 को पेश किया था। हालांकि यह बजट शेयर बाजार को खुश करने में नाकाम रहा था और सेंसेक्स और निफ्टी उस दिन 1 फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुए थे।

जब एक साल में दो बार पेश होता है बजट

लोकसभा चुनाव वाले साल में केंद्र सरकारें अंतरिम बजट पेश करती है। यह बजट चुनाव के बाद नई सरकार के बनने तक की अवधि के लिए होता है। चुनाव के बाद बनी नई सरकार फिर वित्त वर्ष के बाकी बचे महीनों के लिए पूर्ण बजट पेश करती है। पिछले 10 सालों में 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव के कारण 2 बार बजट पेश हुए हैं।

पिछले 10 सालों में बजट के दिन शेयर बाजार का प्रदर्शन कैसा रहा, इसे आप नीचे दिए गए टेबल में देख सकते हैं-

बजट की तारीख बजट पेश करने वाले वित्त मंत्री बजट के दिन निफ्टी का प्रदर्शन (% में)
28-02-2013 पी चिदंबरम -2% गिरा
17-02-2014 " 0.4 चढ़ा
10-07-2014 अरुण जेटली -0.2 गिरा
28-02-2015 " 0.7 चढ़ा
29-02-2016 " -0.6 गिरा
01-02-2017 " 1.8 चढ़ा
05-07-2018 " -0.2 गिरा
01-02-2019 पीयूष गोयल 0.6 चढ़ा
05-07-2019 निर्मला सीतारमण -1.1 गिरा
01-02-2020 " -2.5 गिरा
01-02-2021 " 4.7 चढ़ा
01-02-2021 " 1.4 चढ़ा

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।