31 जनवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र (Budget Session) से पहले संसद (Parliament) के 875 स्टाफ मेंबर कोरोनावायरस (Coronavirus) से संक्रमित पाए गए हैं। राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू (Vice President M Venkaiah Naidu) भी Covid-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। नायडू हैदराबाद में एक हफ्ते के लिए सेल्फ आइसोलेशन में हैं।
उपराष्ट्रपति के सचिवालय ने ट्वीट कर कहा, "उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, जो हैदराबाद में हैं, आज Covid-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने एक हफ्ते तक सेल्फ आइसोलेशन में रहने का फैसला किया है। उन्होंने अपने संपर्क में आने वाले सभी लोगों को खुद को आइसोलेट करने और टेस्ट कराने की सलाह दी है।"
संसद के बजट सत्र से पहले, 2,847 टेस्ट किए गए, जिनमें से 875 स्टाफ मेंबर्स की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। 4 से 8 जनवरी तक, राज्यसभा सचिवालय के लगभग 65, लोकसभा सचिवालय के 200 और संबद्ध सेवाओं के 133 सदस्य Covid-19 पॉजिटिव पाए गए थे।
राज्य सभा सचिवालय ने Covid-19 मामलों की रोकथाम के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति पर प्रतिबंध लगा दिया है। निर्देशों के अनुसार, अवर सचिव या कार्यकारी अधिकारी के पद से नीचे के 50% अधिकारियों और कर्मचारियों को जनवरी के अंत तक घर से काम करना जरूरी है। वे कुल कर्मचारियों का लगभग 65% हैं।
विकलांग और गर्भवती महिलाओं को दफ्तर आने से छूट दी गई है। नए आदेश के अनुसार, भीड़भाड़ से बचने के लिए सचिवालय के शुरू और बंद होने का समय कम कर दिया गया है।
बजट सत्र 31 जनवरी से 8 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें पहली छमाही के बाद लगभग एक महीने का अवकाश होगा। केंद्रीय बजट 1 फरवरी को पेश किया जाएगा और 8 अप्रैल को बजट सत्र खत्म होगा।