Budget 2023: ब्लॉकबस्टर हो सकता है बजट, इकोनामी और बाजार को मिलेगी नई दिशा

Budget 2023: गौरव वर्मा का मानना है कि आगे भारतीय बाजार ग्लोबल मार्केट की तुलना में ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करना जारी रखेगा। ऐसे में हमें किसी करेक्शन का इंतजार करने की जगह बाजार में आक्रामक होकर दांव लगाने की जरूरत है

अपडेटेड Jan 21, 2023 पर 3:29 PM
अमेरिका और यूरोप की मंदी के डर के चलते आईटी अभी एक साल और रेंज बाउंड नजर आ सकता है। यूएस इकोनॉमी के स्थिर होने के बाद 2024 में ही आईटी सेक्टर में फिर से जान आने की संभावना है

Budget 2023: 21G Investment Advisers के गौरव वर्मा ने मनीकंट्रोल के साथ हुई बातचीत में कहा कि यूनियन बजट 2023 एक ब्लॉकबस्टर बजट हो सकता है। ये मार्केट और इकोनॉमी को एक नई दिशा और बड़ा बूस्ट दे सकता है। 21G के डायरेक्टर के पद पर काम कर रहे गौरव वर्मा की राय है कि 2023 में पीएसयू बैंक,कैपिटल गुड्स और इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश के नजरिए से हॉट थीम रह सकते हैं। कैपिटल और इक्विटी मार्केट का 15 सालों का अनुभव रखे वाले वर्मा प्रिवेट बैंकों की तुलना में पीएसयू बैंकों पर ज्यादा बुलिश हैं। उन्होंने इस बातचीत में कहा कि पीएसयू बैंकिंग में बड़ा निवेश आने की उम्मीद है। इसकी वजह ये है कि इस समय प्राइवेट सेक्टर बैंक की तुलना में पीएसयू बैंक तुलनात्मक रूप से काफी सस्ते भाव पर मिल रहे हैं।

बाजार में आक्रामक होकर लगाएं दांव 

वर्मा का ये भी मानना है कि आगे भारतीय बाजार ग्लोबल मार्केट की तुलना में ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करना जारी रखेगा। ऐसे में हमें किसी करेक्शन का इंतजार करने की जगह बाजार में आक्रामक होकर दांव लगाने की जरूरत है।


बजट 2023 मार्केट और इकोनॉमी को देगा बूस्ट

बजट से जुड़ी अपेक्षाओं पर बात करते हुए गौरव वर्मा ने कहा कि बजट 2023 चुनावी साल के पहले का मोदी सरकार का आखिरी पूर्ण बजट है। हमारा मानना है कि सरकार इस समय जोखिम उठाने के नजरिए से बेहतर स्थिति में है। सरकार ने 2022 में जबरदस्त टैक्स कलेक्शन हासिल किया है। भारत का डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 10 जनवरी 2023 तक 14.71 लाख करोड़ रुपये पर रहा है। ये पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 24.58 फीसदी ज्यादा है। इससे भारत में मजबूत खपत क्षमता का अंदाजा लगता है। ऐसे में हमारा विश्वास है कि बजट 2023 मार्केट और इकोनॉमी को जरूरी बूस्ट दे सकता है।

Budget 2023: बजट के पहले अगले हफ्ते बंद दायरे से निकलने की कोशिश करता नजर आएगा बाजार

2023 में पीएसयू, कैपिटल गुड, इन्फ्रास्ट्रक्चर, शुगर और होटल  सबसे बेहतर थीम 

निवेश के नजरिए कहां है आपकी नजर, इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि साल 2023 में पीएसयू, कैपिटल गुड, इन्फ्रास्ट्रक्चर, शुगर और होटल निवेश के नजरिए सबसे बेहतर थीम होंगी। सरकार की कोशिशों से सरकारी कंपनियों के फाइनेंशियल हेल्थ में काफी सुधार आया है। सरकारी बैंकों का NPA स्तर काफी कम हुआ है। अब हमें पीएसयू बैंक और दूसरी सरकारी कंपनियों में यहां से और तेजी आती नजर आ सकती है। अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो 2022 में अब तक निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स और निफ्टी इंफ्रास्टक्चर इंडेक्स में 74.67 फीसदी और 7.49 फीसदी बढ़त देखने को मिली है। ऐसे में हमारा मानना है कि PSU आगे फोकस में बने रहेंगे। इसी तरह कैपिटल गुड्स और इंफ्रास्टक्चर को आगे बढ़ते सरकारी खर्च से फायदा होगा।

सरकार की एथेनॉल नीति से शुगर शेयरों को 2023 में बूस्ट मिलने की संभावना

शुगर स्टॉक्स पर अपनी राय देते हुए गौरव वर्मा ने कहा कि यह शुगर स्टॉक पिछले बुल रन के बाद एक कंसोलिडेशन रेंज में जाता दिखा। लेकिन सरकार की एथेनॉल नीति से शुगर शेयरों को 2023 में बूस्ट मिलने की संभावना है। इसके अलावा कोविड संकट से उबरने के बाद अब दुनिया भर में टूरिज्म बढ़ता नजर आ रहा है। ऐसे में 2022 में हमें होटल शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली है। हमें उम्मीद है कि साल 2023 में भी होटल शेयरों में यह रैली बढ़ती नजर आ सकती है।

आईटी सेक्टर अभी एक साल और रह सकता है रेंज बाउंड

आईटी सेक्टर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूरोप की मंदी के डर के चलते आईटी अभी एक साल और रेंज बाउंड नजर आ सकता है। यूएस इकोनॉमी के स्थिर होने के बाद 2024 में ही आईटी सेक्टर में फिर से जान आने की संभावना है। इस बातचीत में उन्होने ये भी कहा कि कमोडिटी की कीमतों में गिरावट के चलते उन सेक्टरों को फायदा मिल सकता है जो कमोडिटी के भाव से सीधे जुड़े हुए हैं। वर्मा का मानना है कि आने वाले कुछ वर्षों के दौरान कमोडिटी की कीमतें उम्मीद से भी कम स्तर पर बनी रहेंगी।

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।