Modi 3.0 First Budget: मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट जुलाई में पेश होने वाला है। वित्त वर्ष 2024-25 के लिए पूर्ण बजट के 22 जुलाई को पेश होने की संभावना है लेकिन अभी तक कुछ भी पक्का नहीं है। यह 2014 में पहली बार नरेंद्र मोदी सरकार के अस्तित्व में आने के बाद से इस सरकार का 13वां बजट होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 7वीं बार संसद में बजट पेश करेंगी। चुनावी वर्ष होने के चलते इस साल फरवरी में अंतरिम बजट पेश किया गया था।
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश करते ही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम एक रिकॉर्ड कायम हो जाएगा। वह यह कि सीतारमण लगातार 7 केंद्रीय बजट पेश करने वाली देश की पहली वित्त मंत्री बन जाएंगी। अभी तक देश में लगातार 6 बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड मोरारजी देसाई के नाम है। देसाई ने लगाातर 5 पूर्ण बजट और 1 अंतरिम बजट पेश किया था। सीतारमण भी अभी तक 5 पूर्ण बजट और 1 अंतरिम बजट पेश कर चुकी हैं।
देश के चौथे PM भी रहे हैं देसाई
मोरारजी देसाई पहले कांग्रेस की जवाहर लाल नेहरू सरकार में 13 मार्च 1958 से लेकर 29 अगस्त 1963 तक वित्त मंत्री रहे। उसके बाद इंदिरा गांधी सरकार में 13 मार्च 1967 से लेकर 16 जुलाई 1969 तक वित्त मंत्री रहे। इसके बाद बाद जनता पार्टी की सरकार के तहत 1977 में देश के चौथे प्रधानमंत्री बने और 1979 तक देश का नेतृत्व किया।
देसाई ने वित्त मंत्री के तौर पर देश में सबसे ज्यादा 10 बार बजट पेश किए हैं। इसके बाद पी चिदंबरम हैं, जिन्होंने 9 बार बजट पेश किया। प्रणब मुखर्जी ने वित्त मंत्री के तौर पर 8 बार बजट पेश किया और बाद में देश के राष्ट्रपति बने।
यह रिकॉर्ड भी है सीतारमण के नाम
सीतारमण देश की पहली फुल टाइम महिला वित्त मंत्री हैं। साथ ही बजट पेश करने वाली देश की दूसरी महिला वित्त मंत्री हैं। इससे पहले वित्त वर्ष 1970-71 का बजट इंदिरा गांधी ने पेश किया था लेकिन उस वक्त वह फुल टाइम वित्त मंत्री नहीं बल्कि प्रधानमंत्री थीं। मोरारजी देसाई के वित्त मंत्री पद से इस्तीफा देने के चलते इंदिरा गांधी ने बजट पेश किया था।
2019 में आम चुनावों के बाद मोदी सरकार के फिर से सत्ता में आने पर निर्मला सीतारमण को पहली बार केंद्रीय वित्त मंत्री बनाया गया। सीतारमण का पहला बजट जुलाई 2019 में पेश किया गया पूर्ण बजट था। 2019 में सीतारमण ने बजट के ट्रेडिशनल ब्रीफकेस को 'बही खाता' से रिप्लेस कर दिया।