Budget 2024 : वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी को अंतरिम बजट (Interim Budget) पेश करेंगी। सवाल है कि क्या बजट में होने वाले ऐलान से इंडस्ट्रियल स्टॉक्स में उछाल देखने को मिलेगा? एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसा होने की उम्मीद कम है। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि यह अंतरिम बजट है। दूसरा, इंडस्ट्रियल कंपनियों को अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कमजोर रहने की उम्मीद है, क्योंकि लोकसभा चुनावों के दौरान ऑर्डर बुक और कामकाज के स्तर पर सुस्ती देखने को मिलती है। चुनावों के बाद दोनों में तेजी आती है। ICICI Securities के रिसर्च हेड पंकज पांडेय ने कहा कि मार्केट को इस बजट से ज्यादा उम्मीद नहीं लगानी चाहिए। इसकी वजह यह है कि इसमें बड़े ऐलान होने की उम्मीद नहीं है। वित्तमंत्री ने खुद पिछले महीने इस बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि अंतरिम बजट में बड़े ऐलान नहीं होंगे। बड़े ऐलान के लिए पूर्ण बजट तक इंतजार करना होगा, जो जुलाई में आएगा।
