Get App

FY26 में भारत में Costa Coffee के स्टोर घटकर रह गए 198, फिर भी रेवेन्यू 7% बढ़ा

Costa Coffee अपने पोर्टफोलियो को बढ़ाने के लिए अधिक अनुशासित और चयनात्मक रणनीति अपना रही है। कंपनी अब केवल स्टोर बढ़ाने के बजाय प्रति आउटलेट अधिक बिक्री और बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान दे रही है। भारत में कैफे कल्चर तेजी से बढ़ रहा है और ग्रोथ के एक बड़े मौके के तौर पर उभर रहा है

Curated By: Ritika Singhअपडेटेड Jul 26, 2026 पर 3:50 PM
FY26 में भारत में Costa Coffee के स्टोर घटकर रह गए 198, फिर भी रेवेन्यू 7% बढ़ा
कोस्टा कॉफी का मालिकाना हक ‘द कोका कोला कंपनी’ के पास है।

ब्रिटेन के कॉफी चेन ब्रांड कोस्टा कॉफी के बीते वित्त वर्ष 2025-26 में भारत में 22 स्टोर कम हो गए। अब स्टोर्स की संख्या 198 रह गई है। इससे पहले के वित्त वर्ष में कंपनी के देशभर में 220 आउटलेट थे। 5 सालों में यह पहली बार है, जब भारत में कोस्टा कॉफी के स्टोर घटे हैं। कोस्टा कॉफी की एक्सक्लूसिव फ्रेंचाइजी पार्टनर देवयानी इंटरनेशनल लिमिटेड की ताजा वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी मिली है। कोस्टा कॉफी का मालिकाना हक ‘द कोका कोला कंपनी’ के पास है।

हालांकि, स्टोर की संख्या कम होने के बावजूद वित्त वर्ष 2025-26 में भारत में कोस्टा कॉफी के रेवेन्यू में 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। यह 212.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2024-25 में रेवेन्यू 198.5 करोड़ रुपये था। यह दर्शाता है कि कंपनी अब केवल स्टोर बढ़ाने के बजाय प्रति आउटलेट अधिक बिक्री और बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान दे रही है। सालाना रिपोर्ट में कहा गया है कि कोस्टा कॉफी अपने पोर्टफोलियो को बढ़ाने के लिए अधिक अनुशासित और चयनात्मक (सिलेक्टिव) रणनीति अपना रही है।

Costa Coffee ने 2020-21 से किया तेजी से विस्तार

कोस्टा कॉफी ने भारत में वित्त वर्ष 2020-21 से तेजी से विस्तार किया। उस समय कंपनी के केवल 44 स्टोर थे, जो वित्त वर्ष 2021-22 में बढ़कर 55 हो गए। वित्त वर्ष 2022-23 में इनकी संख्या 112, वित्त वर्ष 2023-24 में 179 और वित्त वर्ष 2024-25 में 220 हो गई। लेकिन वित्त वर्ष 2025-26 में स्टोर की संख्या घटकर 198 रह गई। कोस्टा कॉफी के ग्लोबल चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) फिलिप शैले ने अप्रैल, 2025 में कहा था कि भारत कंपनी के टॉप 20 बाजारों में शामिल है और आने वाले वर्षों में यह टॉप 5 बाजारों में शामिल हो सकता है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें