दिग्गज क्रिप्टो कंपनी पॉलीगान लैब्स में बड़े पैमाने पर छंटनी हुई है। Polygon Labs उस प्रोटोकॉल को ऑपरेट करती है जिसका इस्तेमाल डेवलपर्स दुनिया के दूसरे बड़े क्रिप्टो एथेरियम (Ethereum) के लेन-देन को सस्ता और फास्ट बनाने के लिए करते हैं। इस तगड़े प्रोटोकॉल की ऑपरेटर पॉलीगान लैब्स ने 20 फीसदी यानी करीब 100 एंप्लॉयीज को कंपनी से बाहर निकाल दिया है। पॉलीगान में करीब 500 एंप्लॉयीज काम करते हैं। कंपनी ने एक ब्लॉग के जरिए छंटनी की जानकारी दी और कहा कि जिन एंप्लॉयीज को बाहर निकाला गया, उन्हें तीन महीने का सेवरेंस पे दिया जाएगा, चाहे वे किसी भी पोस्ट पर या कितने भी समय से कंपनी में रहे हों। कंपनी का कहना है कि 25 करोड़ डॉलर से अधिक के बैलेंस शीट के साथ इसकी वित्तीय स्थिति बेहतर बनी हुई है।
