Elon Musk News: दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलॉन मस्क (Elon Musk) ने जब से ट्विटर (अब X) खरीदा है, इसके एंप्लॉयीज को काफी उतार-चढ़ाव से गुजरना पड़ रहा है। इसमें काफी बदलाव भी हुए हैं। अब की बात करें तो कंपनियां अपने एंप्लॉयीज को स्टॉक्स भी देती हैं तो X में इसकी प्रक्रिया चल रही है। हालांकि इसके लिए मस्क ने सभी एंप्लॉयीज को एक पेज में अपनी उपलब्धियों के बारे में बताने को कहा है। इससे ही तय होगा कि किसे स्टॉक ग्रांट मिलेगा और किसे नहीं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक किसी एंप्लॉयी की कंपनी की ग्रोथ में कितनी भागीदारी रही, इसी से उसके स्टॉक ऑप्शंस पर फैसला लिया जाएगा।
प्रमोशन में पहले ही हो चुकी है देरी
एलॉन मस्क ने स्टॉक ग्रांट के लिए एंप्लॉयीज को एक पेज में अपनी उपलब्धियां बताने का फरमान जारी किया है। हालांकि यह आदेश ऐसे समय में जारी हुआ है, जब एंप्लॉयीज काफी परेशान हैं। इसकी वजह ये है कि बिना कोई कारण बताए कंपनी ने हाल ही में प्रमोशन की प्रक्रिया में देरी कर दी। इसके अलावा एंप्लॉयीज के बीच छंटनी की भी आशंका बनी हुई है। कंपनी ने अभी तक एनुअल इक्विटी नहीं बांटा है जिसके अप्रैल में ही जारी होने की उम्मीद थी। मस्क ने आश्वासन दिया था कि एंप्लॉयीज नियमित तौर पर अपने स्टॉक को भुना सकेंगे लेकिन अभी तक यह वादा पूरा हुआ नहीं है।
दो साल पहले Elon Musk की हो गई थी Twitter
एलॉन मस्क ने करीब 2 साल पहले अक्टूबर 2022 में Twitter (अब X) को 4400 करोड़ डॉलर में खरीद लिया था। ट्विटर के एक शेयर की कीमत 54.20 डॉलर लगाई गई थी। इसके कुछ समय पहले उन्होंने ट्विटर की 9.2 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी जिसके बाद उन्होंने ट्विटर की पूरी हिस्सेदारी खरीदने की बात कही थी।