अरबपति अमेरिकी कारोबारी एलॉन मस्क (Elon Musk) की दिग्गज इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला (Tesla) की भारतीय मार्केट में अगले साल यानी 2024 में एंट्री हो सकती है। रिपोर्ट्स का दावा है कि टेस्ला अगले महीने जनवरी 2024 में गुजरात में अपना पहला प्लांट लगाने का ऐलान कर सकती है। दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स निर्माता कंपनी गांधीनगर में होने वाले 'वाइब्रेंट गुजरात समिट 2024' के दौरान इसका आधिकारिक ऐलान कर सकती है। दावा किया जा रहा है कि इस दौरान कंपनी के मालिक एलॉन मस्क भी मौजूद रहेंगे।
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने गुरुवार को कहा कि एलॉन मस्क की अगुवाई वाली इलेक्ट्रिक वाहन (EV) कंपनी टेस्ला के राज्य में अपना प्लांट लगाने की संभावना को लेकर सरकार बेहद आशान्वित है। इस सिलसिले में बातचीत चल रही है। पटेल ने टेस्ला के गुजरात में अपना EV मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाए जाने की योजना को लेकर आई खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार टेस्ला के गुजरात आने को लेकर बहुत आशावादी है।
पीटीआई के मुताबिक, उन्होंने कहा, "खुद मस्क भी गुजरात को पहली पसंद के रूप में देख रहे हैं। जब से उन्होंने अपना प्लांट लगाने के लिए उपयुक्त स्थान खोजने के लिए सर्वेक्षण करना शुरू किया, उसी समय से गुजरात उनके दिमाग में बना हुआ है।" पटेल ने गांधीनगर में पत्रकारों से कहा, "संभवतः बहुत जल्द इस बारे में एक आधिकारिक घोषणा की जाएगी। उम्मीद करते हैं कि टेस्ला भारत आए। हम निश्चित रूप से उसका स्वागत करेंगे और हम टाटा, फोर्ड एवं सुजुकी की तरह उसे भी सभी जरूरी सहायता मुहैया कराएंगे।"
इसके साथ ही राज्य सरकार के प्रवक्ता पटेल ने कहा कि इस बारे में टेस्ला के साथ बातचीत जारी है। संभवतः इसी वजह से गुजरात में प्लाटं लगाने से जुड़ी खबर आई है। अपनी उन्नत कारों के लिए मशहूर टेस्ला के मालिक मस्क ने इस साल जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्यूयॉर्क में मुलाकात भी की थी। उस समय उन्होंने कहा था कि उनकी वर्ष 2024 में भारत का दौरा करने की योजना है।
गुजरात के अतिरिक्त सचिव (उद्योग एवं खान विभाग) एस जे हैदर ने सितंबर में कहा था कि केंद्र सरकार भारत में टेस्ला का मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाए जाने के बारे में कंपनी के संपर्क में है। उन्होंने कहा था कि गुजरात समुचित समय पर टेस्ला से संपर्क स्थापित करेगा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में कहा था कि टेस्ला इस साल भारत से करीब 1.9 अरब डॉलर मूल्य के कलपुर्जों की खरीद की योजना बना रही है जो एक साल पहले एक अरब डॉलर था।